महत्वपूर्ण कदम: बावनकुले ने कहा - किसानों को 12 घंटे बिजली आपूर्ति के लिए सरकार प्रतिबद्ध, डोरली भिंगारे में सबस्टेशन का उद्घाटन

बावनकुले ने कहा - किसानों को 12 घंटे बिजली आपूर्ति के लिए सरकार प्रतिबद्ध, डोरली भिंगारे में सबस्टेशन का उद्घाटन
  • कम वोल्टेज और बार-बार बिजली जाने की समस्या से मिलेगी राहत
  • येनिकोनी में प्रस्तावित सबस्टेशन का भूमिपूजन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। काटोल-नरखेड़ क्षेत्र में बिजली वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने 33/11 केवी डोरली भिंगारे सबस्टेशन का उद्घाटन किया। इसके अलावा येनिकोनी में प्रस्तावित 33/11 केवी सबस्टेशन का भूमिपूजन भी किया गया। इस अवसर पर बावनकुले ने कहा कि किसानों को लगातार 12 घंटे बिजली आपूर्ति करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। डोरली भिंगारे सबस्टेशन शुरू होने से आसपास के क्षेत्र के नागरिकों को राहत मिलेगी। आम लोगों के हित में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शुरू की गई हैं। कम वोल्टेज और बार-बार बिजली गुल होने जैसी समस्याओं से राहत दिलाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

क्षेत्र के विधायक चरण सिंह ठाकुर ने कहा कि डोरली भिंगारे सबस्टेशन का उद्घाटन और येनिकोनी सबस्टेशन का भूमिपूजन क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण पड़ाव हैं। मजबूत बुनियादी ढांचे से ग्रामीण विकास को नई गति मिल रही है। बिजली व्यवस्था सुदृढ़ होने से किसानों और नागरिकों को लाभ होगा।

महावितरण के संचालक (प्रोजेक्ट) सचिन तालेवार ने येनिकोनी में प्रस्तावित 33/11 केवी सबस्टेशन का काम निर्धारित समय से पहले पूरा करने का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि नागपुर जोन में महावितरण की पूरी टीम ने बेहतर तालमेल और कुशलता के साथ जनहित में काम किया है। आपसी समन्वय से कार्यों में तेजी आई है।

इस अवसर पर विधायक राजीव पोतदार, पूर्व विधायक सुधाकर कोहले, महावितरण के मुख्य अभियंता राजेश नाईक, अधीक्षक अभियंता संजय वाकड़े, अधीक्षक अभियंता (इंफ्रास्ट्रक्चर) दीपाली माडेलवार, कार्यकारी अभियंता नरेंद्र कटारे, कार्यकारी अभियंता जयंत खिरकर, मनोहर कुंभारे सहित महावितरण के अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन अमित पेढेकर ने किया और उन्होंने ही आभार व्यक्त किया।

Created On :  

Tags

Next Story