सनसनीखेज खुलासे: माहिम में ज्वेलरी शॉप फायरिंग मामले में 14 दिनों के बीच ज्वैलर्स को मिली थी 3 बार धमकियां, मांगी 10 करोड़ की रंगदारी

माहिम में ज्वेलरी शॉप फायरिंग मामले में 14 दिनों के बीच ज्वैलर्स को मिली थी 3 बार धमकियां, मांगी 10 करोड़ की रंगदारी
  • आरोपियों के बिश्नोई गैंग से जुड़े होने के सुराग, पीड़ित ने गैंग से धमकी मिलने का किया है दावा
  • शूटर्स ने ख़ुद की पहचान छिपाने के लिए बाइक पर लगा रखी थी फर्जी नंबर प्लेट
  • मिटा दिया था चेसिस नंबर

डिजिटल डेस्क, मुंबई. माहिम इलाके स्थित पीसी जैन ज्वेलर्स की दुकान पर बुधवार की शाम को हुई फायरिंग की जांच में सनसनीखेज खुलासे हुए हैं। इस वारदात को अंजाम देने से पहले 14 दिनों के भीतर ज्वेलर भरत मेघराज जैन को तीन बार जान से मारने की धमकियां देते हुए 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। जांच में यह भी सामने आया है कि शूटर्स ने अपनी पहचान छिपाने के लिए बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी और उसका चेसिस नंबर भी मिटा दिया था, ताकि पुलिस वाहन के असली मालिक और स्रोत तक न पहुंच सके। जांच में आरोपियों के बिश्नोई गैंग से जुड़े होने के अहम सुराग मिले हैं और पीड़ित ने भी गैंग से धमकी मिलने का दावा किया है। मुंबई क्राइम ब्रांच इस दिशा के तेजी से जांच कर रही है।

14 दिनों में तीन बार मिली धमकियां, मांगी 10 करोड़ की रंगदारी

पुलिस में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, दुकान के मालिक भरत जैन को पहली धमकी 18 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 5:28 बजे मिली थी। अनजान नंबर से कॉल आने पर उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया, लेकिन तुरंत उसी नंबर से गोली मारने का धमकी भरा मैसेज आया। जैन ने यह बात अपने साले अशोक जैन को बताई, जिन्होंने इसे स्पैम समझकर नजरअंदाज करने की सलाह दी।

इसके बाद 24 अक्टूबर को शाम 7 से 7:15 बजे के बीच दो बार कॉल आए और फिर मैसेज मिला कि रेडी रखना चमत्कार छाया। इसका मतलब समझ न आने पर उन्होंने इसे भी अनदेखा कर दिया। 31 अक्टूबर की रात करीब 8:38 बजे आए तीसरे मैसेज ने उन्हें झकझोर दिया। मैसेज में लिखा था कि जय रामजी ज्यादा दिमाग मत चला, तेरी जन्म कुंडली है, झेड प्लस सिक्युरिटी लगा बी रख, पैसा तुझे देना होगा, यमराज जी को देखना… 10 करोड़ देना होगा। पीड़ित का किसी से कोई विवाद नहीं था, इसलिए शुरुआत में इसे साइबर फ्रॉड मानकर और आगे कोई मैसेज न आने पर उन्होंने पुलिस में शिकायत नहीं की थी।

25 नवंबर की शाम दुकान पर की ताबड़तोड़ फायरिंग

25 नवंबर को भरत जैन रोजाना की तरह सुबह करीब 10 बजे दुकान पहुंचे थे। दोपहर में भोजन के लिए घर जाने के बाद शाम करीब 4 बजे वे वापस लौटे। रात करीब 7:30 बजे जब वे दुकान के भीतर बैठे थे और कर्मचारी नामदेव गुरु व सुधाकर भी मौजूद थे, तभी बाइक पर सवार दो युवक दुकान के बाहर फुटपाथ पर पहुंचे। पीछे बैठे युवक ने पिस्टल निकालकर दुकान की ओर फायरिंग शुरू कर दी, जिससे कांच का दरवाजा टूट गया। वारदात को अंजाम देकर दोनों आरोपी बांद्रा की दिशा में फरार हो गए।

फर्जी नंबर प्लेट, मिटाया चेसिस नंबर और बोरीवली की ओर भागे शूटर्स

सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर बाइक का नंबर एमएच 15 एजे 3565 सामने आया, जो जांच में फर्जी निकला। पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपियों ने बाइक का चेसिस नंबर भी पूरी तरह मिटा दिया था। सूत्रों का दावा है कि वारदात के वक्त शूटर्स ने हेलमेट पहन रखा था और बांद्रा स्टेशन के पास बाइक छोड़कर वे लोकल ट्रेन से बोरीवली की तरफ निकल गए। पुलिस रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी को खंगालने में जुटी है, ताकि आरोपियों के भागने के आगे की दिशा का पता लगाया जा सके। सीसीटीवी में बाइक चलाने वाले आरोपी की उम्र 20 से 25 साल, जबकि पीछे बैठे शूटर की उम्र भी 20 से 25 साल बताया गया है।

बिश्नोई गैंग के सुराग, सख्त धाराओं में केस दर्ज

सूत्रों के अनुसार, अब तक की जांच में पुलिस को आरोपियों के बिश्नोई गैंग से जुड़े होने के सुराग हाथ लगे हैं, जबकि पीड़ित भरत जैन ने भी गैंग की ओर से धमकी मिलने का दावा किया है। माहिम पुलिस स्टेशन में आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3, 25 व 27(1) तथा बीएनएस की धारा 109(1), 3(5), 308(5), 351(3) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।

Created On :  

Tags

Next Story