बॉम्बे हाई कोर्ट: दो मामलों में सख्ती, मुसाफिरखाना में प्रवेश-नमाज पर रोक, अवैध होर्डिंग पर सरकार को फटकार

दो मामलों में सख्ती, मुसाफिरखाना में प्रवेश-नमाज पर रोक, अवैध होर्डिंग पर सरकार को फटकार
  • दाऊद इब्राहिम से जुड़े भिंडी बाजार के जर्जर मुसाफिरखाना में लोगों के प्रवेश पर पुलिस को रोक लगाने का निर्देश
  • अवैध बैनर-पोस्टर पर अदालत की तल्ख टिप्पणी- ‘यह महाराष्ट्र है, बांग्लादेश नहीं’
  • मुख्य सचिव को 4 सप्ताह में हलफनामा दाखिल करने का आदेश

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बॉम्बे हाई कोर्ट ने बुधवार को दो अलग-अलग मामलों में सख्त रुख अपनाते हुए प्रशासन और राज्य सरकार को निर्देश दिए। दक्षिण मुंबई के भिंडी बाजार स्थित अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से जुड़े मुसाफिरखाना की जर्जर हालत को देखते हुए अदालत ने वहां नमाज पढ़ने और प्रवेश पर रोक लगा दी। वहीं, सार्वजनिक स्थानों पर अवैध होर्डिंग, बैनर और पोस्टर के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर राज्य सरकार को कड़ी फटकार लगाई।

मुसाफिरखाना में प्रवेश रोकने का निर्देश

मुख्य न्यायाधीश एमसी त्रिपाठी और न्यायमूर्ति अद्वैत सेठना की पीठ ने स्थानीय पुलिस को निर्देश दिया कि मुसाफिरखाना में कोई भी व्यक्ति प्रवेश न करे। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं की वकील सना बागवाला ने इमारत के अंदर मौजूद मस्जिद को सुरक्षित बताते हुए दिन में पांच बार नमाज पढ़ने की अनुमति मांगी। इस पर पीठ ने स्पष्ट किया कि संबंधित परिसर मस्जिद नहीं है और जर्जर इमारत में लोगों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता। बीएमसी के वकील अनिल सखारे ने बताया कि इमारत का कुछ हिस्सा पहले ही गिराया जा चुका है और इसके हिस्से तीन बार ढह चुके हैं। पीठ ने याचिकाकर्ताओं को अदालत को गुमराह नहीं करने की चेतावनी दी। साथ ही उनके याचिका दायर करने के अधिकार की वैधता की भी जांच करने की बात कही। याचिकाकर्ताओं को बीएमसी के हलफनामे पर जवाब दाखिल करने के लिए दो दिन का समय दिया गया है। मामले की अगली सुनवाई 30 नवंबर को होगी।

अवैध होर्डिंग पर सरकार को फटकार

दूसरे मामले में न्यायमूर्ति अजय गडकरी और न्यायमूर्ति अजय शर्मा की पीठ ने राज्य में अवैध होर्डिंग, बैनर और पोस्टर के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई। अदालत ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा, ‘यह महाराष्ट्र है, बांग्लादेश नहीं।’ पीठ ने कहा कि मुंबई, ठाणे समेत राज्य के कई शहर अवैध होर्डिंग और पोस्टरों से भरे पड़े हैं, लेकिन सरकार इनके खिलाफ ठोस कार्रवाई करने में नाकाम रही है। सतारा के सुस्वराज फाउंडेशन की जनहित याचिका से जुड़ी अवमानना याचिका पर सुनवाई के दौरान अदालत ने राज्य के मुख्य सचिव को 4 सप्ताह में हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया। इसमें बताना होगा कि अवैध होर्डिंग के खिलाफ अब तक ठोस कदम क्यों नहीं उठाए गए और अदालत के आदेशों पर कब तक अमल किया जाएगा।

Created On :  

Tags

Next Story