मंत्रिमंडल की बैठक: किसानों से लेकर विद्यार्थियों तक को राहत, मंत्रिमंडल ने लिए कई अहम फैसले, सरकारी सेवाओं में देरी पर 25 हजार तक जुर्माना

किसानों से लेकर विद्यार्थियों तक को राहत, मंत्रिमंडल ने लिए कई अहम फैसले, सरकारी सेवाओं में देरी पर 25 हजार तक जुर्माना
  • नर्मदा-तापी वलण योजना के लिए 5,548 करोड़ मंजूर, 26,526 हेक्टेयर को मिलेगा सिंचाई का पानी
  • सरकारी सेवाओं में देरी पर 25 हजार तक जुर्माना, राजस्व मामलों की ऑनलाइन सुनवाई
  • मेडिकल विद्यार्थियों का छात्रावास भत्ता बढ़ा, निजी अनुदानित स्कूलों के लिए बनेगा नया कानून

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में बुधवार को हुई महाराष्ट्र मंत्रिमंडल की बैठक में किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। नंदूरबार जिले की नर्मदा-तापी वलण सिंचाई योजना के लिए 5,548 करोड़ रुपए की प्रशासनिक मंजूरी दी गई। इससे तलोदा, शहादा और धड़गांव तालुका के 26,526 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र को सिंचाई का लाभ मिलेगा। योजना के तहत नर्मदा का पानी छह वलण बांधों और जलोला मुख्य बांध के जरिए नहरों व सुरंगों से तापी बेसिन तक पहुंचाया जाएगा। खेतों तक पानी बंद पाइप वितरण प्रणाली से पहुंचेगा। इसमें 11.50 मेगावाट क्षमता का जलविद्युत संयंत्र भी बनाया जाएगा।

राजस्व विभाग के अर्धन्यायिक मामलों के निपटारे के लिए राजस्व कोर्ट केस मैनेजमेंट सिस्टम लागू होगा। मामलों की ऑनलाइन सुनवाई की जा सकेगी और अपील के अनावश्यक चरण कम करने के लिए ‘एक जिला-एक अपील’ व्यवस्था लाई जाएगी। इसके लिए महाराष्ट्र भूमि राजस्व संहिता, 1966 में संशोधन को मंजूरी दी गई।

आर्थिक रूप से कमजोर स्वास्थ्य विज्ञान के विद्यार्थियों के डॉ. पंजाबराव देशमुख छात्रावास निर्वाह भत्ते में शैक्षणिक वर्ष 2026-27 से बढ़ोतरी होगी। अब शहर और क्षेत्र के अनुसार सालाना 38 हजार से 60 हजार रुपए तक भत्ता मिलेगा। मुंबई, ठाणे, पुणे और नागपुर जैसे शहरों के विद्यार्थियों को अधिकतम भत्ता दिया जाएगा।

लोकसेवा में देरी पर 25 हजार तक दंड

महाराष्ट्र लोकसेवा अधिकार अधिनियम, 2015 में संशोधन को मंजूरी दी गई है। सरकारी सेवाएं निर्धारित समय में नहीं देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर 25 हजार रुपए तक जुर्माना लगाया जा सकेगा। ऑनलाइन आवेदन के मामलों में नागरिक की सहमति से ऑटो अपील की व्यवस्था भी होगी।

निजी अनुदानित स्कूलों के प्रशासन, शिक्षक भर्ती, सेवा शर्तों, विद्यार्थियों की सुरक्षा और शैक्षणिक गुणवत्ता के नियमन के लिए महाराष्ट्र निजी अनुदानित स्कूल (विनियमन) विधेयक, 2026 के प्रारूप को मंजूरी दी गई। प्रस्तावित कानून में करीब 20 अध्याय होंगे।

स्टांप शुल्क और शिक्षा से जुड़े फैसले

परिवार के सदस्यों को आवासीय या कृषि संपत्ति दान करने पर स्टांप शुल्क 200 से बढ़ाकर 500 रुपए किया जाएगा। अपील शुल्क 300 से बढ़ाकर 1,000 रुपए होगा, जबकि स्टांप शुल्क वापसी के आवेदन की अवधि 6 महीने से बढ़ाकर 1 वर्ष की जाएगी।

कवि कुलगुरु कालिदास संस्कृत विश्वविद्यालय, रामटेक और यशवंतराव चव्हाण महाराष्ट्र मुक्त विश्वविद्यालय, नासिक के कानूनों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप संशोधन को मंजूरी दी गई। निजी अनुदानित आयुर्वेद और यूनानी कॉलेजों के पूर्णकालिक लाइब्रेरियन को 1 जनवरी 2016 से सातवें वेतन आयोग का लाभ मिलेगा। इसके लिए 1.52 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। बकाया राशि पांच वर्षों में किस्तों में दी जाएगी।

एक्यूपंक्चर चिकित्सा को अधिनियम, 2021के दायरे से बाहर करने के लिए संशोधन विधेयक पेश करने को मंजूरी

इसके अलावा, एक्यूपंक्चर चिकित्सा को राष्ट्रीय सहयोगी और स्वास्थ्य सेवा व्यवसाय आयोग अधिनियम, 2021 (एनसीएएचपी) के दायरे से बाहर करने के लिए संशोधन विधेयक पेश करने को मंजूरी दी गई। राज्य में करीब 4,900 एक्यूपंक्चर चिकित्सक पंजीकृत हैं और 19 संस्थानों में लगभग 1,500 विद्यार्थी इस पद्धति का अध्ययन कर रहे हैं।

Created On :  

Tags

Next Story