चौंकाने वाला अध्ययन: महाराष्ट्र के 5 जिलों में तेजी से बढ़ रहा अचानक सूखे का खतरा, 44 साल के अध्ययन में खुलासा

महाराष्ट्र के 5 जिलों में तेजी से बढ़ रहा अचानक सूखे का खतरा, 44 साल के अध्ययन में खुलासा
  • अहिल्यानगर, बीड, धाराशिव, सांगली और सोलापुर सबसे संवेदनशील
  • बारिश की कमी के साथ गर्मी भी जिम्मेदार
  • धाराशिव और वाशिम में बढ़ीं घटनाएं

डिजिटल डेस्क, मुंबई. महाराष्ट्र में सूखे का खतरा अब केवल बारिश की कमी तक सीमित नहीं रह गया है। राज्य के पांच अर्ध-शुष्क जिलों में अचानक सूखा (फ्लैश ड्रॉट) तेजी से बढ़ रहा है। इस तरह के सूखे में खेतों की मिट्टी की नमी महज कुछ हफ्तों में सामान्य स्तर से गंभीर सूखे की स्थिति में पहुंच जाती है। इससे किसानों को फसलों को बचाने और प्रशासन को जल प्रबंधन के लिए तैयारी करने का बेहद कम समय मिलता है। भोपाल के मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के एक नए अध्ययन में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। यह अध्ययन ऐसे समय सामने आया है, जब महाराष्ट्र सामान्य से 13 प्रतिशत कम बारिश वाले 2026 के मानसून के बाद शुष्क मौसम में प्रवेश कर रहा है। राज्य की करीब 83 प्रतिशत भूमि अर्ध-शुष्क है और सालाना बारिश का लगभग 88 प्रतिशत हिस्सा केवल चार मानसूनी महीनों में होता है। ऐसे में बारिश पर निर्भर खेती के लिए अचानक सूखे का खतरा गंभीर चुनौती बन सकता है।

संस्थान के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के विकास पूनिया और दीपिका यादव ने यह अध्ययन किया है। यह अध्ययन पीयर-रिव्यूड जर्नल 'फिजिक्स एंड केमिस्ट्री ऑफ द अर्थ' में प्रकाशित हुआ। इसमें 1981 से 2024 तक महाराष्ट्र के सभी 36 जिलों में बारिश, तापमान, मिट्टी की नमी और वाष्पीकरण से जुड़े आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। अध्ययन के मुताबिक, अहिल्यानगर, बीड, धाराशिव, सांगली और सोलापुर में फ्लैश ड्रॉट की घटनाएं सबसे गंभीर और तेजी से विकसित होने वाली पाई गई हैं। इन जिलों में हर आठ दिन में सूखेपन का स्तर 6 से 9 प्रतिशत अंक तक बढ़ा, जबकि राज्य के अधिकांश जिलों में यह वृद्धि 6 प्रतिशत अंक से कम रही। ऐसे में इन जिलों के किसानों और जल संसाधन प्रबंधन से जुड़े विभागों के लिए खतरा अधिक है। अध्ययनकर्ता दीपिका यादव के मुताबिक, सूखे की निगरानी केवल बारिश के आंकड़ों के आधार पर नहीं होनी चाहिए। इसके लिए तापमान, मिट्टी की नमी और हवा में मौजूद शुष्कता पर भी नजर रखना जरूरी है। विकास पूनिया ने कहा कि कमजोर मानसून के बाद 2027 की शुरुआत तक अल नीनो की स्थिति बने रहने की आशंका है। उन्होंने अहिल्यानगर, बीड, धाराशिव, सांगली और सोलापुर के किसानों तथा जिला प्रशासन को अगले मानसून से पहले संभावित गर्म और शुष्क परिस्थितियों के लिए तैयार रहने की सलाह दी है।

मानसून से पहले सबसे ज्यादा खतरा

अध्ययन में सामने आया कि मानसून के दौरान लगातार बारिश होने से मिट्टी में नमी बनी रहती है, इसलिए इस अवधि में फ्लैश ड्रॉट की घटनाएं बेहद कम होती हैं। 44 वर्षों में अधिकांश जिलों में मानसून के दौरान दो से भी कम घटनाएं दर्ज की गईं। इसके उलट गैर-मानसून महीनों में जिलों में औसतन करीब 20 घटनाएं सामने आईं। सोलापुर, धाराशिव, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में इनकी संख्या 25 से अधिक रही। सबसे जोखिम भरा समय मानसून से ठीक पहले का है। इस दौरान तापमान अधिक रहता है और बारिश का इंतजार होता है। अध्ययन के अनुसार, इस अवधि में कुछ फ्लैश ड्रॉट 30 से 40 दिनों तक चले। वहीं, शुष्क मौसम में ऐसी घटनाएं आमतौर पर 20 से 25 दिनों तक बनी रहीं।

बारिश की कमी के साथ गर्मी भी जिम्मेदार

शोध में पाया गया कि बारिश की कमी फ्लैश ड्रॉट शुरू होने की प्रमुख वजह है, लेकिन तापमान और शुष्क हवा इसकी गंभीरता बढ़ाते हैं। सोलापुर और आसपास के इलाकों में कम बारिश, अधिक तापमान और पहले से सूखी मिट्टी का संयुक्त असर देखने को मिला। फ्लैश ड्रॉट के दौरान मिट्टी की नमी में करीब 17 प्रतिशत अंक तक गिरावट दर्ज की गई।

धाराशिव और वाशिम में बढ़ीं घटनाएं

अध्ययन में यह भी सामने आया कि सभी जिलों में फ्लैश ड्रॉट का खतरा एक समान नहीं बढ़ा है। धाराशिव और वाशिम में ऐसी घटनाओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जबकि सोलापुर और सिंधुदुर्ग में इनके विकसित होने की रफ्तार बढ़ी है। हालांकि, अधिकांश जिलों में पिछले 44 वर्षों के दौरान कोई स्पष्ट दीर्घकालिक बदलाव नहीं मिला।

Created On :  

Tags

Next Story