फैंटम लोन घोटाला: मुंबई और उदयपुर में 6 ठिकानों पर सीबीआई की छापेमारी, फर्जी लोन बांटकर डकार गए 80.15 करोड़

मुंबई और उदयपुर में 6 ठिकानों पर सीबीआई की छापेमारी, फर्जी लोन बांटकर डकार गए 80.15 करोड़
  • लिखित शिकायत पर दर्ज किया था मामला
  • 80.15 करोड़ रुपए की बैंक धोखाधड़ी मामले में बड़ी कार्रवाई

डिजिटल डेस्क, मुंबई. केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 80.15 करोड़ रुपए की बैंक धोखाधड़ी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंबई और उदयपुर में 6 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। यह कार्रवाई स्टार हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड के निदेशकों और अन्य संबंधित लोगों के परिसरों पर की गई। जांच एजेंसी के मुताबिक आरोपियों ने कागजों पर लोन वितरित दिखाकर नेशनल हाउसिंग बैंक (एनएचबी) को 80.15 करोड़ रुपए का वित्तीय नुकसान पहुंचाया। बुधवार को ली गई तलाशी के दौरान सीबीआई दल को कई अहम दस्तावेज और जांच से जुड़ी अन्य प्रासंगिक सामग्री हाथ लगी है। अधिकारियों का कहना है कि बरामद फाइल, लेखा-जोखा रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की बारीकी से छानबीन की जा रही है। इसके साथ ही अज्ञात अधिकारियों की संभावित भूमिका और पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने के लिए आगे की जांच जारी है।

लिखित शिकायत पर दर्ज किया था मामला

सीबीआई ने यह मामला नेशनल हाउसिंग बैंक से मिली लिखित शिकायत के आधार पर दर्ज किया है। शिकायत और प्राथमिकी के अनुसार कर्जदार कंपनी स्टार हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड उसके निदेशकों और अज्ञात लोक सेवकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपियों पर आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, खातों में हेराफेरी और आपराधिक कदाचार जैसे आरोप लगाए गए हैं। जांच के दायरे में यह भी देखा जा रहा है कि पूरी प्रक्रिया में नियमों और निगरानी तंत्र को किस तरह दरकिनार किया गया।

Created On :  

Tags

Next Story