कुछ खास बात!: सुप्रिया सुले ने बुलाई राकांपा शरद गुट की बैठक, रोहित पवार समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को भी बुलाया

सुप्रिया सुले ने बुलाई राकांपा शरद गुट की बैठक, रोहित पवार समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को भी बुलाया
  • रोहित पवार के किसान मार्च पर भी होगी चर्चा
  • विलय और एनडीए को समर्थन के मुद्दे पर होगी चर्चा

डिजिटल डेस्क, मुंबई. प्रदेश की राजनीति में राकांपा (शरद) एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है। पिछले करीब एक महीने से पार्टी के राजनीतिक रुख को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। एक ओर राकांपा के दोनों गुटों के विलय की चर्चा है, तो दूसरी ओर शरद गुट के एनडीए के साथ जाने के दावे भी किए जा रहे हैं। इस बीच शरद गुट कार्याध्यक्ष एवं सांसद सुप्रिया सुले ने गुरुवार को पार्टी की अहम बैठक बुलाई है। यशवंतराव चव्हाण सेंटर में होने वाली इस बैठक में राज्यभर के जिलाध्यक्ष और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को बुलाया गया है। विधायक रोहित पवार को भी इस बैठक में बुलाया गया है।

क्या विलय और एनडीए को समर्थन के मुद्दे पर होगी चर्चा?

पिछले कुछ समय से राकांपा के दोनों गुटों के एक साथ आने की संभावनाओं पर चर्चा हो रही थी। हालांकि अब विलय का मुद्दा पीछे छूटता नजर आ रहा है। वहीं शरद गुट के एनडीए के साथ जाने की अटकलों ने भी महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। इस बीच विधायक रोहित पवार के अकेले चलने की खबरें भी पार्टी के लिए मुसीबतें खड़ी कर रही हैं। ऐसे में गुरुवार की बैठक में पार्टी का राजनीतिक रुख क्या होगा, इस पर सबकी नजर रहेगी। खासकर महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को लेकर पार्टी की रणनीति महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

रोहित पवार के किसान मार्च पर भी हो सकता है मंथन

इस बैठक में विधायक रोहित पवार के नेतृत्व में निकाले जाने वाले किसान मार्च का मुद्दा भी उठ सकता है। रोहित पवार ने किसानों की मांगों को लेकर शेगांव से नागपुर तक ट्रैक्टर मार्च निकालने की तैयारी की है। यह मार्च विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के दौरान नागपुर तक पहुंचेगा। किसान मार्च में शामिल होने को लेकर पार्टी के भीतर मतभेद सामने आ रहे हैं। खबर है कि रोहित पवार पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को विश्वास में लिए बिना आंदोलन और राजनीतिक कार्यक्रमों की दिशा तय कर रहे हैं।

क्या मंत्री बनेंगी सुप्रिया सुले?

पिछले कई वर्षों से सुप्रिया सुले के केंद्र सरकार में मंत्री बनने की अटकलें लगती रही हैं। राजनीतिक गलियारों में एक थ्योरी यह भी चर्चा में रही है कि शरद पवार एनडीए में शामिल हो सकते हैं और सुप्रिया सुले को केंद्र में मंत्री बनाया जा सकता है, जबकि पार्टी के अन्य नेता महाराष्ट्र की राजनीति संभालेंगे। जब सुले से मंत्री बनने की चर्चाओं के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में इन अटकलों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा पिछले 12 साल से मेरी शपथ हो रही है। मेरे साथ अन्याय मत कीजिए।

Created On :  

Tags

Next Story