वारदात: फ्लैट के भीतर चल रहा था अवैध हुक्का पार्लर, चार गिरफ्तार - दो ग्राहक भी मौके पर मिले

फ्लैट के भीतर चल रहा था अवैध हुक्का पार्लर, चार गिरफ्तार - दो ग्राहक भी मौके पर मिले
  • हुक्का पॉट, विभिन्न फ्लेवर का तंबाकू समेत ₹12,325 का सामान जब्त
  • फ्लैट मालिक और वेटर ग्राहकों को पिला रहे थे प्रतिबंधित तंबाकूयुक्त हुक्का
  • दो ग्राहक भी मौके पर मिले, सदर पुलिस ने दर्ज किया मामला

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सदर पुलिस ने बैरामजी टाउन इलाके में एक फ्लैट के भीतर चल रहे अवैध हुक्का पार्लर का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान फ्लैट मालिक, वेटर और हुक्का पी रहे दो ग्राहकों समेत चार लोगों को पकड़ा। मौके से हुक्का पॉट, विभिन्न फ्लेवर का तंबाकूयुक्त हुक्का और अन्य सामग्री सहित करीब ₹12,325 का माल जब्त किया गया।

पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर को दोपहर 3.45 से 4.20 बजे के बीच सदर पुलिस के जांच दल को सूचना मिली थी कि बैरामजी टाउन स्थित आकार बिल्डर की बिल्डिंग नंबर 9 के फ्लैट नंबर 2 में अवैध रूप से हुक्का पार्लर चलाया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में फ्लैट पर छापा मारा।

कार्रवाई के दौरान फ्लैट मालिक देवकुमार रमेश झांझोटे (41), बैरामजी टाउन, वहां वेटर के रूप में काम करने वाला हर्ष विजय कंगाले (20), धंतोली, तथा ग्राहक लक्की सुरेश आहुला (27) और यश दिनेश आहुला (27), दोनों शांतिनगर निवासी, मौके पर मिले।

पुलिस जांच में सामने आया कि फ्लैट में बिना अनुमति आर्थिक लाभ के लिए हुक्का पार्लर चलाया जा रहा था और ग्राहकों को प्रतिबंधित तंबाकूयुक्त हुक्का उपलब्ध कराया जा रहा था।

सदर पुलिस ने चारों के खिलाफ धारा 223 भारतीय न्याय संहिता तथा सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम-2003 की धारा 4(अ), 21(अ) व महाराष्ट्र संशोधन अधिनियम-2018 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच पुलिस कर रही है।

Created On :   29 Sept 2026 6:12 PM IST

Tags

Next Story