उठाए सवाल: एसआईआर के विरोध में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

एसआईआर के विरोध में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन
  • कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोका
  • मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन
  • एसआईआर को लेकर विरोध, एसआईआर प्रक्रिया पर उठाए सवाल

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया। शहर और जिला ग्रामीण कांग्रेस के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने संविधान चौक से जिलाधिकारी कार्यालय की ओर मार्च निकाला। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को कार्यालय से कुछ दूरी पहले ही बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स पार करने की कोशिश की। कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गए और नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने हस्तक्षेप कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ समय के लिए मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

प्रतीकात्मक पुतला जलाया

बैरिकेडिंग के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का प्रतीकात्मक पुतला जलाकर विरोध जताया। एक कार्यकर्ता ने ज्ञानेशकुमार का मुखौटा पहन रखा था और उसे प्रतीकात्मक रूप से बेड़ियां भी लगाई गईं। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ नारे लगाए और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।उ प्रदर्शन के दौरान ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ और ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ जैसे नारे लगाए गए।

एसआईआर प्रक्रिया पर उठाए सवाल

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर के जरिए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। पार्टी ने मतदाता सूची की पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों को लेकर सवाल उठाए। कांग्रेस ने एसआईआर प्रक्रिया रद्द करने की मांग भी की।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

प्रदर्शन को देखते हुए जिला कलेक्ट्रेट परिसर के आसपास पुलिस का अतिरिक्त बंदोबस्त किया गया था। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को कार्यालय तक पहुंचने से रोकने के लिए पहले ही बैरिकेड्स लगाए थे। बैरिकेड्स पार करने की कोशिश के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कुछ देर खींचतान की स्थिति बनी। बाद में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

प्रदर्शन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रफुल्ल गुडधे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष आश्विन बैस, पूर्व मंत्री सुनील केदार, रवींद्र दरेकर, पूर्व जिला परिषद सदस्य कुंदा राऊत, अवंतिका लेकुरवाले, याज्ञवल्क्य जिचकार और मिथिलेश कान्हेरे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

Created On :   28 Sept 2026 8:21 PM IST

Tags

Next Story