एसीबी की कार्रवाई: 40 हजार की रिश्वत लेते WCL का वरिष्ठ ओवरसियर गिरफ्तार, उमरेड में रंगेहाथ पकड़ा

40 हजार की रिश्वत लेते WCL का वरिष्ठ ओवरसियर गिरफ्तार, उमरेड में रंगेहाथ पकड़ा
  • बिल का भुगतान कराने के बदले मांगी थी रकम
  • ACB ने रंगेहाथ पकड़ा, 50 हजार की थी मांग

डिजिटल डेस्क, नागपुर। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) के उमरेड क्षेत्र में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ ओवरसियर (सिविल) पवन नखाते को 40 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। नखाते गोकुल-मुरपार सब एरिया में पदस्थ था। उसने ठेकेदार के बिल का भुगतान जारी करने के लिए ₹50 हजार की रिश्वत मांगी थी।

ACB के अनुसार, शिकायतकर्ता को WCL की ओर से पिरवा गांव के पुनर्वास स्थल पर पेयजल आपूर्ति के लिए दो बोरवेल तैयार करने, सबमर्सिबल पंप लगाने तथा आंतरिक मेनलाइन और वितरण पाइपलाइन बिछाने का काम मिला था। इस काम के तीसरे बिल का भुगतान जारी करने के लिए नखाते ने रिश्वत की मांग की थी। बिल की कुल राशि ₹25 लाख 35 हजार 693 थी।

शिकायतकर्ता ने 29 सितंबर 2026 को ACB में लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर स्वतंत्र पंचों की मौजूदगी में उसी दिन मांग की पुष्टि की गई। जांच में सामने आया कि नखाते ने करीब ₹22 लाख की भुगतान राशि के 2 प्रतिशत के हिसाब से ₹44 हजार तथा पूर्व में नहीं दी गई ₹10 हजार की रकम मिलाकर कुल ₹54 हजार की मांग की थी। बातचीत के बाद उसने रकम घटाकर ₹50 हजार करने पर सहमति जताई।

मांग की पुष्टि होने के बाद नखाते के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद 30 सितंबर को उमरेड के गंगापुर चौक के पास ACB ने जाल बिछाया। जैसे ही नखाते ने शिकायतकर्ता से ₹40 हजार की रिश्वत स्वीकार की, टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। नखाते को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Created On :   30 Sept 2026 7:32 PM IST

Tags

Next Story