बेखौफ हुए अपराधी: थाने के सामने होटल में घुसकर वसूली

प्रकरण दर्ज कर आरोपी को किया गिरफ्तार

Anita Peddulwar
Update: 2023-12-07 07:35 GMT

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अपराधिक तत्वों में पुलिस का खौफ नहीं रहा है। इमामवाड़ा थाने के सामने स्थित होटल में घुसकर वसूली का मामला प्रकाश में आया है। वसूली नहीं मिलने पर होटल व्यापारी को जान से मारने की धमकी दी गई है। घटित वाकये को गणेशपेठ थाने में दर्ज किया गया है। प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।  उसे अदालत में पेश किया गया था।

क्या है मामला: ग्रेट नाग रोड पर ठीक इमामवाड़ा थाने के सामने जाफरभाई दिल्ली दरबार नाम से होटल है। रात करीब 11 बजे के दौरान कुख्यात बदमाश विक्की सीताराम दापोडे (24) इमामवाड़ा निवासी होटल में जबरन घुस गया। होटल भले ही इमामवाड़ा थाने के सामने है, लेकिन रोड के उस पार होने से गणेशपेठ थाने की हद्द में आता है। घटना के वक्त होटल के काउंटर पर संचालक प्रमोद अमरेश बहादुरसिंह (39) बैठा हुआ था। विक्की ने धमकाते हुए 2 हजार रुपए बतौर वसूली की मांग की। होटल संचालक का कहना था कि पिछले महीने में ही वह 1 हजार रुपए ले गया है। इस बार भी वह उसे 1 हजार रुपए देने के लिए तैयार हैं। गाली-गलौज कर विक्की 2 हजार रुपए की मांग कर रहा था। होटल में हंगामा होता देखकर प्रमोद का लड़का वहां पहुंचा। विक्की ने उससे धक्का मुक्की की और होटल चलाने के बदले में 2 हजार रुपए की वसूली पर अड़ा रहा। वसूली नहीं मिलने अथवा पुलिस में शिकायत करने पर प्रमोद को जान से मारने की धमकी दी। ऐन इमामवाड़ा थाने के सामने हुई इस घटना से अपराधिक तत्वों में पुलिस का कितना खौफ है इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। घटित वाकये से कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा। इस बीच गणेशपेठ थाने में प्रकरण दर्ज कर आरोपी विक्की को गिरफ्तार किया गया है। उसे गिरफ्तार कर बुधवार की दोपहर अदालत में पेश किया गया था। 


Tags:    

Similar News