माता - पिता गए थे गंगा स्नान करने , घर पर 10 वर्षीय बेटी फांसी पर झूली, मामला रहस्यमय

माता - पिता गए थे गंगा स्नान करने , घर पर 10 वर्षीय बेटी फांसी पर झूली, मामला रहस्यमय

Bhaskar Hindi
Update: 2019-02-05 08:04 GMT
माता - पिता गए थे गंगा स्नान करने , घर पर 10 वर्षीय बेटी फांसी पर झूली, मामला रहस्यमय

डिजिटल डेस्क, रीवा। जिले के मऊगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरया कला में 10 वर्षीय मासूम की फांसी पर झूलती लाश मिली है। इस बच्ची के माता-पिता गंगा स्नान करने के लिए प्रयागराज गए थे। घर पर इस बच्ची के साथ 13 वर्षीय बड़ा भाई भी था, लेकिन वह घर से खेलने के लिए निकल गया था। जब वह घर लौटा तो अपनी छोटी बहन को फांसी के फंदे पर झूलता पाया। ग्राम पलिया कला निवासी वीरेंद्र कुमार रावत की 10 वर्षीय बेटी शिवानी की फांसी पर झूलती लाश मिलने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हैं।

कक्षा तीन में पढ़ती है शिवानी
वीरेंद्र कुमार की बेटी शिवानी कक्षा तीन में पढ़ती थी। एक निजी स्कूल में पढऩे वाली शिवानी की लाश फांसी पर झूलते देख बड़े भाई ने तत्काल ही अपने माता पिता को फोन पर जानकारी दी। इस घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग एकत्रित हो गए। शिवानी को अस्पताल ले गया, जहां उसे चिकित्सकों ने परीक्षण कर मृत घोषित कर दिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही मृतिका के माता पिता लौट आए।

मां की साड़ी का फंदा
शिवानी का शव मां की साड़ी के फंदे पर झूलता मिला है। इस बच्ची के फांसी पर झूलते शव को देख कर सभी हैरान है। यकीन नहीं हो रहा कि वह ऐसा कदम उठा सकती है।

पिता बोले, आत्महत्या नही
मासूम शिवानी की फांसी पर झूलती लाश मिलने पर पिता का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं है। शिवानी ऐसा नहीं कर सकती। उन्हें संदेह है कि शिवानी की हत्या कर शव को फांसी के फंदे पर लटकाया गया। हालांकि वे यह नहीं बता पा रहे कि उन्हें किस पर शक है।

पोस्टमार्टम कराकर शव सौंपा
मऊगंज पुलिस ने मृतिका का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम किया है। इस घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले की गहन जांच की जा रही है। मृतिका के माता पिता अभी ज्यादा कुछ बताने की स्थिति में नहीं है।

 

Similar News