माउंट आबू में फंसी नागपुर सहित विदर्भ की 200 महिलाएं

माउंट आबू में फंसी नागपुर सहित विदर्भ की 200 महिलाएं

Tejinder Singh
Update: 2020-03-30 09:56 GMT
माउंट आबू में फंसी नागपुर सहित विदर्भ की 200 महिलाएं

डिजिटल डेस्क, नागपुर। लॉकडाउन के चलते नागपुर सहित विदर्भ की करीब दो सौ महिलाएं राजस्थान के माउंट आबू में फंस गईं हैं। महिलाएं एक मार्च को ब्रह्माकुमारी संस्था के वार्षिक समारोह में शामिल होने गई थीं। इनमें नागपुर जिले के कलमेश्वर, उमरेड, कोंढाली, रामटेक, कुही व अन्य स्थानों से सौ से ज्यादा महिलाओं का समावेश है। इन सभी को 14 और 15 मार्च को रेल मार्ग से लौटना था, लेकिन लॉकडाउन के चलते ट्रेनें बंद होने से महिलाएं वापस नहीं लौट पाईं। स्थानीय प्रशासन उन्हें वहां से निकलने की अनुमति नहीं दे रहा है। कलमेश्वर की ब्रह्माकुमारी यशोदा दीदी ने बताया कि महाराष्ट्र सरकार को उनकी समस्या सुलझाने के लिए गंभीरता से सोचना चाहिए।

हम सड़क मार्ग से आ सकते हैं

ब्रह्माकुमारी यशोदा दीदी के मुताबिक यदि प्रशासन वापस आने की अनुमति देता है, तो हम लोग सड़क मार्ग से वापस आने की कोशिश कर सकते हैं।

नरखेड़ की सुनंदा भगत, कविता काले, यशोदा बरोले जल्द ही अपने घर लौटना चाहती हैं। सभी के परिवार वाले उनके बिना परेशान हैं।

सुनंदा भगत का कहना है कि एक महीने से परिजनों से दूर हूं, पति व बच्चे परेशान हो रहे हैं। इतने लंबे समय तक परिवार का मेरे बगैर रहना मुश्किल है। सरकार को हमें घर जाने की अनुमति देनी चाहिए।

Tags:    

Similar News