गाड़ी से कूदकर भागा 30 हजार का ईनामी डकैत, पुलिस ने पैर में गोली मारकर रोका

गाड़ी से कूदकर भागा 30 हजार का ईनामी डकैत, पुलिस ने पैर में गोली मारकर रोका

Bhaskar Hindi
Update: 2018-04-18 12:59 GMT
गाड़ी से कूदकर भागा 30 हजार का ईनामी डकैत, पुलिस ने पैर में गोली मारकर रोका

डिजिटल डेस्क रीवा । लम्बे समय से पुलिस के लिए सिर दर्द बना तीस हजार का ईनामी डकैत मुश्किल से हाथ आया। लेकिन वह मौका मिलते ही जब भागने लगा तो पुलिस ने उसे रोकने के लिए फायर किया। इस दौरान एक गोली ईनामी डकैत के पैर में लगी है। जिसके चलते उसे संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।   जिले के सोहागी और जवा थाना क्षेत्र में अपने आतंक से पुलिस और स्थानीय लोगों की नींद उड़ाने वाले बृजेन्द्र केवट पुत्र बैजनाथ 30 वर्ष निवासी ददरी पर तीस हजार का ईनाम घोषित था।

पुलिस के मुताबिक ईनामी डकैत को गिरफ्तार करने के बाद उसकी निशानदेही पर 12 बोर की बंदूक जब्त करने के लिए पुलिस बृजेन्द्र केवट को लेकर ददरी जंगल गई। पुलिस टीम जंगल से बंदूक जब्त कर जब लौट रही थी तो इस ईनामी डकैत ने चलती गाड़ी से छलांग लगा दी। गाड़ी से कूदकर वह जंगल की ओर भागने लगा। पुलिस ने उसे रोकने के लिए ललकारा लेकिन वह भागता रहा। पुलिस को जब लगा कि वह हाथ से निकल जाएगा तो फायर किया। पुलिस की गोली बृजेन्द्र केवट के पैर में लगी और वह वहीं गिर गया। पुलिस ने गोली से घायल होने पर उसे पकड़ा और अस्पताल पहुंचाया। 

तहसीलदार ने लिए बयान 
गोली से घायल ईनामी डकैत बृजेन्द्र केवट को तड़के पांच बजे उपचार के लिए संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। घायल बृजेन्द्र के मृत्यु पूर्व कथन भी कराए गए हैं। तहसीलदार ने अस्पताल पहुंचकर घायल बृजेन्द्र के बयान दर्ज किए हैं। 

दो थानों में 12 मामले 
ईनामी डकैत बृजेन्द्र केवट के विरूद्ध जिले के दो थानों में 12 मामले दर्ज हैं। सोहागी थाना में लूट, हत्या का प्रयास एवं दहशतगर्दी के दस अपराध दर्ज हैं। दो मामले जवा थाने में हैं। 

एक साल से फिर हुआ सक्रिय 
बृजेन्द्र केवट के बारे में बताया जाता है कि वह लगभग दस साल पहले अपराध की दुनिया में आया। छोटू मल्लाह गिरोह में शामिल होने के बाद बृजेन्द्र केवट का खौफ क्षेत्र में व्याप्त होने लगा। एक ऐसा समय आया जब बृजेन्द्र अपने गिरोह में अकेला हो गया। अकेले होने के बाद उसकी गतिविधियां शांत हो गईं, लेकिन एक साल से फिर उसका आतंक दिखने लगा। उसकी इतनी दहशत रही कि एक स्कूल में लगभग ताला लग गया। इसी दौरान उसने एक बंदूक भी लूटी। इन घटनाओं के चलते पुलिस के नाक पर उसने दम कर दिया था। 

अस्पताल में कड़ी सुरक्षा 
गोली से घायल होने की वजह से अस्पताल में भर्ती कराए गए बृजेन्द्र केवट की सुरक्षा में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एसजीएमएच के आर्थोेपेडिक वार्ड में भर्ती बृजेन्द्र केवट पर पुलिस की कड़ी नजर है। 

इनका कहना है 
30 हजार के ईनामी डकैत बृजेन्द्र केवट के पुलिस गिरफ्त में आने के बाद उसे बंदूक बरामद करने के लिए ददरी के जंगल ले जाया गया। यहां से लौटते समय ईनामी डकैत बृजेन्द्र पुलिस की चलती गाड़ी से कूदकर जंगल की तरफ भागने लगा। पुलिस ने उसे रूकने के लिए कहा। लेकिन वह लगातार भागता रहा। जिस पर पुलिस को मजबूरन बल प्रयोग करना पड़ा। गिरफ्तार डकैत से पूछताछ की जा रही है। 
आशुतोष गुप्ता, एएसपी

Similar News