भाजपा के लिए लंदन से आएगा फोन, विदेशों से प्रचार के लिए आएंगे 350 एनआरआई

भाजपा के लिए लंदन से आएगा फोन, विदेशों से प्रचार के लिए आएंगे 350 एनआरआई

Tejinder Singh
Update: 2019-10-03 12:53 GMT
भाजपा के लिए लंदन से आएगा फोन, विदेशों से प्रचार के लिए आएंगे 350 एनआरआई

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा-शिवसेना गठबंधन की जीत सुनिश्चित करने के लिए सात समुद्र पार से भी वोट मांगे जा रहे हैं। सिंगापुर, लंदन, बेल्जियम, जर्मनी, फ्रांस व आस्ट्रेलिया में रहने वाले 150 लोग इस काम में जुटे हुए हैं। इसके लिए कई व्हाटसएप ग्रुप भी बनाए गए हैं। इस अंतर्राष्ट्रीय अभियान के संयोजक लंदन में पहने वाले संतोष गुप्ता ने ‘दैनिक भास्कर’ को बताया कि विदेशों में बैठ कर भाजपा के आनलाईन चुनाव प्रचार की कमान संभाल रहे लोगों को पिछले पांच वर्षों में महाराष्ट्र की भाजपा सरकार द्वारा किए गए कार्यों का लेखा-जेखो महाराष्ट्र भाजपा की तरफ से उपलब्ध कराया गया है। फडणवीस सरकार के कामकाज का हावाला देते हुए अनिवासी भारतीय महाराष्ट्र के लोगों से वोट अपील कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस अभियान के कई चरण हैं। विदेशों में रहने वाले महाराष्ट्र के लोग इस अभियान को चला रहे हैं। इनमें लंदन में रहने वाले राहुल इथापे, संतोष पाटील और श्वेता भाटिया शामिल हैं। 

विदेशों में रहने वाले महाराष्ट्रीयन उस शहर के प्रमुख स्थानों लंदन के लंदन आई, लंदन ब्रिज, पेरिस के एंफिल टॉवर न्यूयार्क के स्टैच्यू आफ लिबर्टी जैसी जगहों पर खड़े होकर एक मिनट का वीडियो बना महाराष्ट्र के मतदाताओं को भेज रहे हैं। इस वीडियो में विदेश में रहने वाले महाराष्ट्र मूल के लोग बताएंगे कि महाराष्ट्र में क्यों फिर से भाजपा सरकार जरूरी है। इसके अलावा ‘अनेक कॉल महाराष्ट्र के नाम’ अभियान के तहत भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने के लिए विदेशों से फोन कॉल आएंगे। ‘फोन कॉल पर चर्चा’ के तहत कांफ्रेंसिंग के माध्यम से एक साथ ढाई सौ लोगों से सम्पर्क किया जाएगा। 

गुप्ता ने बताया कि विदेशों से करीब 350 लोग भाजपा-शिवसेना उम्मीदवारों के प्रचार के लिए महाराष्ट्र आ रहे हैं। ये लोग मूल रुप से महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। उन्होंने दावा किया कि उसके पास 350 लोगों की सूची है जिन्होंने चुनाव प्रचार के लिए महाराष्ट्र आने के लिए सहमति जताई है। इनमें इग्लैंड, आस्ट्रेलिया, फ्रांस, बेल्जियम, सिंगापुर, कनाडा, जर्मनी और अमेरिका में रहने वाले अनिवासी भारतीय शामिल हैं, जो मूल रुप से महाराष्ट्र के हैं। गुप्ता कहते हैं कि ये अनिवासी भारतीय मुख्य तौर पर फडणवीस सरकार के गुड गवर्नेंस को प्रचारित करने का काम करेंगे। उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा के लिए करीब विदेशों से 60 हजार फोन कॉल आए थे।          
 


 

Tags:    

Similar News