शर्मसार: जान से मारने की धमकी देकर 4 मासूमों से चाचा कर रहा था रेप, गिरफ्तार

शर्मसार: जान से मारने की धमकी देकर 4 मासूमों से चाचा कर रहा था रेप, गिरफ्तार

Bhaskar Hindi
Update: 2017-11-09 08:06 GMT
शर्मसार: जान से मारने की धमकी देकर 4 मासूमों से चाचा कर रहा था रेप, गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मनसर/रामटेक। मासूम लड़कियों के साथ रेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि गांव के ही मुंहबोले चाचा लड़कियों को जान से मारने की धमकी देकर उनके साथ रेप करते रहे। पीड़िता की मां की शिकायत पर आरोपी रोशन जीवन दारोड़े (25) को रामटेक पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, रोशन गत 3 वर्ष से लड़कियों के साथ रेप कर रहा था। पीड़ितों में 12 वर्ष की 3 लड़कियां व 5 वर्ष की एक मासूम शामिल है। इसमें दो जुड़वा बहनें हैं। कभी लालच देकर तो कभी डरा-धमका कर वह घिनौनी हरकत करता रहा। परिजनों को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी भी देता था। 

खेलते समय उजागर हुआ राज :
एक दिन उक्त लड़कियां आंगन में खेल रहीं थीं। उनके ‘विचित्र’ अंदाज पर पीड़िता की मां का ध्यान गया, तो वह चौक उठी। उसने लड़कियों को टोका। बाद में विश्वास में लेकर पूछताछ की तो लड़कियों ने बताया कि रोशन चाचा ऐसा अक्सर करते हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि बच्चियों ने कई बार पेट तथा गुप्तांग में दर्द होने की शिकायत की थी, लेकिन विशेष ध्यान नहीं दिया। संतप्त परिजनों ने रामटेक पुलिस स्टेशन पहुुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को 5 नवंबर को विशेष अदालत  में पेश किया गया। आरोपी को जेल रवाना किया गया।

बेटी से छेड़छाड़ करने वाला सौतेला पिता गिरफ्तार
वहीं नागपुर शहर में दो स्थानों पर छेड़छाड़ की घटनाएं उजागर हुई। जिसमें पांच पावली में जहां सौतेले पिता ने ही पुत्री पर बुरी नजर डाली है, वहीं कलमना में भी दो युवकों ने लड़की से छेड़छाड़ की है दोनों ही मामलों में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं। 

घर में किसी के न होने का उठा रहा था लाभ
पीड़ित 13 वर्षीय लड़की कक्षा 6वीं में पढ़ती है। उसकी मां सरकारी अस्पताल में कार्यरत है। मंगलवार की रात में लड़की की मां ड्यूटी पर थी। पीड़िता का भाई घर के बाहर था, तभी रात करीब 10.30 बजे मौका देखकर सौतेले पिता ने लड़की को कमरे में बंद कर उसके साथ रेप करने का प्रयास किया। इस बीच मौका मिलते ही लड़की दरवाजा खोल कर बाहर भाग आई। उसके बाद उसने पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। इससे गुस्साए लोगों ने आरोपी पिता की पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घटना का पता चलते ही लड़की की मां भी ड्यूटी से घर पहुंच गई थी।

दूसरी घटना कलमना थाना क्षेत्र में हुई है। पीड़ित 21 वर्षीय युवती है। मंगलवार की शाम करीब 5.30 बजे वह छोटी बहन के साथ कहीं जा रही थी। इस दौरान बस्ती के ही लक्ष्मी प्रसाद कटरे और हेमराज लाडे ने युवती से छेड़छाड़ की। इसमें भी आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज िकया गया है। जांच जारी है।

Similar News