भोजपुरी अभिनेता ने चाकू की नोक पर महिला को लूटा

भोजपुरी अभिनेता ने चाकू की नोक पर महिला को लूटा

Tejinder Singh
Update: 2018-04-18 14:03 GMT
भोजपुरी अभिनेता ने चाकू की नोक पर महिला को लूटा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। गोरेगांव इलाके में घर में घुसकर 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला से चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले भोजपुरी अभिनेता समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दूसरा आरोपी महिला के घर नौकर था। घर से 13 लाख 75 हजार रुपए से ज्यादा की नकदी और गहने लूटे गए थे पुलिस ने आरोपियों से 10 लाख 50 हजार रुपए बरामद कर लिया है। गिरफ्तार भोजपुरी अभिनेता का नाम ओमकार उर्फ रोशन परमहंस पांडे है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया का रहने वाला है। पांडे ने दिलजले, जानवर, दिल लगा के देख लो जैसी कई भोजपुरी फिल्मों में काम किया है। मामले में गिरफ्तार दूसरे आरोपी का नाम प्रकाश कामत है। कामत बिहार के मधुबनी जिले का रहने वाला है। 

चाकू की नोक पर महिला से लूट 
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजेश प्रधान ने बताया कि कामत पहले जिस होटल में काम करता था। पांडे अक्सर वहां जाता था। इसी के चलते दोनों में जान पहचान हो गई थी। पांडे आर्थिक संकट से जूझ रहा था। कामत को इसकी जानकारी हुई तो उसने लूटपाट की सलाह दी। कामत ने पांडे को बताया कि वह जिस घर में काम करता है वहां दोपहर के वक्त घर में केवल एक बुजुर्ग महिला रहती है और परिवार आर्थिक रुप से काफी संपन्न है। इसके बाद  पूर्व नियोजित साजिश के तहत पिछले शनिवार को कामत घर से निकल गया उसके बाद पांडे मुंह पर नकाब लगाकर गोरेगांव के गोकुलधाम इलाके में स्थित महिला के घर में दाखिल हुआ और बेडरूम में सो रही बुजुर्ग महिला को चाकू की नोक पर जान से मारने की धमकी देकर लूटपाट के बाद फरार हो गया। 

नौकर पर हुआ संदेह 
दिंडोशी पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू की। इमारत में लगे सीसीटीवी कैमरे की छानबीन में साफ हुआ कि घर का नौकर कामत बाहर गया और उसके तुरंत बाद नकाबपोश शख्स घर में दाखिल हुआ। इसके बाद पुलिस ने कामत से कड़ाई से पूछताछ शुरू की तो उसने पूरे मामले का खुलासा किया। छानबीन में जुटी पुलिस ने जल्द ही पांडे को भी जोगेश्वरी इलाके से दबोच लिया। 

Similar News