करंट लगने से पॉवर इंस्पेक्शन कार की छत से गिरा रेल कर्मी, इलाज के दौरान मौत

करंट लगने से पॉवर इंस्पेक्शन कार की छत से गिरा रेल कर्मी, इलाज के दौरान मौत

Bhaskar Hindi
Update: 2018-07-18 11:23 GMT
करंट लगने से पॉवर इंस्पेक्शन कार की छत से गिरा रेल कर्मी, इलाज के दौरान मौत

डिजिटल डेस्क, कटनी। मुड़वारा रेलवे स्टेशन के समीप OHE केबल लाइन पर मेंटेनेंस के दौरान करंट लगने से पॉवर इंस्पेक्शन कार से गिरने से रेल कर्मचारी अखिलेश कुमार सिंह पिता रामसुभरन सिंह (55) गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसकी इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। इतनी बड़ी घटना के बाद भी रेलवे के जिम्मेदार अधिकारियों के नहीं पहुंचने से कर्मचारियों में आक्रोश था। घटना बुधवार सुबह 11 बजे की बताई गई है। फिलहाल पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा एवं मर्ग प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। वही मिलिट्री से रिटायर होने के बाद रेलवे में नियुक्त हुए थे।

झटका लगते ही नीचे गिरा कर्मचारी
जानकारी के अनुसार मुड़वारा स्टेशन के समीप OHE केबल लाइन पर मॉडीफिकेशन एवं मेंटेनेंस का कार्य चल रहा था। पॉवर स्टेशन कार के ऊपर खड़े होकर अखिलेश कुमार सिंह काम कर रहे थे, उसी दौरान करंट का तेज झटका लगते ही कार से ट्रैक पर आ गिरे। जिससे सिर, हाथ, पैर में गंभीर चोट आईं। वहां साथ में काम कर रहे अन्य कर्मचारियों ने आनन-फानन में नगर के निजी अस्पताल पहुंचाया, हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बिहार निवासी अखिलश सिंह रेलवे की आरबी-2  कॉलोनी में निवास करते थे। 

अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी अस्पताल पहुंचे और सुपरवाइजर पर लापरवाही कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप भी लगाए। घटना जानकारी मिलने के बाद भी रेलवे के डीईई संजय मीना और सुपरवाइजर एसपी सोनी दोनों ही मौके से गायब हो गए। अस्पताल में एकत्र रेलवे कर्मचारियों का गुस्सा इस बात से था कि इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था। साथी कर्मचारी काम बंद करके सीधे अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है । पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

रेलवे कर्मचारियों की मानें तो इस तरह की घटनाएं पूर्व में भी दो बार हो चुकी हैं। उसके बाद भी जिम्मेदार रेलवे अधिकारी घटनाओं से सबक नहीं ले रहे हैं। लगातार लापरवाही के चलते कर्मचारियों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है।  रेल कर्मियों ने डीआरएम एवं जीएम से इस घटना की जांच करने और दोषी अधिकारियों को पर कार्यवाही की भी मांग की है।

Similar News