नागपुर के इतवारी में लीकेज खोजने जुटी टीम को मिला पुरातन पत्थर से बना नाला

नागपुर के इतवारी में लीकेज खोजने जुटी टीम को मिला पुरातन पत्थर से बना नाला

Anita Peddulwar
Update: 2019-11-28 08:32 GMT
नागपुर के इतवारी में लीकेज खोजने जुटी टीम को मिला पुरातन पत्थर से बना नाला

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जलापूर्ति की पाइप लाइन में लीकेज खोजने के दौरान इतवारी के होलसेल क्लॉथ मार्केट के समीप वल्लभाचार्य चौक में पुरातन नाला मिला। सड़क के 7 फीट नीचे कचरे से भरा नाला पत्थर से बना हुआ है। इसे साफ कर जलप्रवाह सुरक्षित किया गया। महापौर संदीप जोशी ने पुरातन नाले का पुनर्निर्माण करने के आदेश दिए। वल्लभाचार्य चौक में पिछले 15 दिन से जलापूर्ति लाइन में लीकेज से पानी रास्ते पर बह रहा था। जलप्रदाय विभाग इसे खोजने की कोशिश करता रहा, लेकिन लीकेज मिलने का नाम नहीं ले रहा था। नागरिकों की शिकायत बढ़ने पर नगरसेवक दयाशंकर तिवारी अपने साथ ओसीडब्ल्यू और जलप्रदाय विभाग के अधिकारी, कर्मचारियों के साथ वहां पहुंचे।

जलापूर्ति बंद की गई। इसके बाद भी पानी बहने पर जिस जगह से पानी निकल रहा था, वहां खोदकाम किया गया। इस दौरान सड़क के 7 फीट नीचे एक नाला मिला। इसका स्लैब तोड़कर नाली में भरा कचरा और मिट्टी निकालकर सफाई की गई। 10 मीटर नाले के स्लैब के नीचे 15 इंच पुरानी जलापूर्ति की लाइन डली हुई है। इसके नीचे स्वयंचलित मशीन से ऑप्टिकल फायबर केबल डाली गई है, जिसके चलते जल निकासी बाधित होने का अनुमान है। नाले की दीवार पत्थर से बनी होने से केबल डालते समय पत्थर ढहकर पाइप लाइन में कचरा जमा होकर नाला बुझने का अनुमान व्यक्त किया जा रहा है। नाले का स्लैब तोड़कर साफ करने पर जल निकासी व्यवस्थित हो गई।

लगातार 3 दिन के प्रयासों के बाद पाइप लाइन का लीकेज नहीं होकर पुरातन नाली में निकलकर सड़क पर जमा होने का पता चला। मनपा स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने पोकलेन का उपयोग कर नाले में जमा कचरा, मिट्टी निकालकर जल निकासी व्यवस्थित की। नगरसेवक दयाशंकर तिवारी के नेतृत्व में उपअभियंता रवींद्र बुंधाड़े, कनिष्ठ अभियंता सुरेंद्र दुधे, तकनीकी सहायक दुमाने, वरिष्ठ स्वास्थ्य निरीक्षक सुरेंद्र खरे, प्रभारी स्वास्थ्य निरीक्षक विपीन समुंद्रे आदि स्वयं उपस्थित रहकर कार्य को अंजाम दिया। पुरातन नाला मिलने पर नगरसेवक दयाशंकर तिवारी ने महापौर संदीप जोशी को सूचित किया। सूचना मिलने पर महापौर भी वहां पहुंचे।  उन्होंने गांधीबाग जोन के सहायक आयुक्त अशोक पाटील से नाले के पुनर्निर्माण का प्रस्ताव बनाकर तत्काल पेश करने के निर्देश दिए।
 

Tags:    

Similar News