रीवा : एडवरटाइजिंग एजेंसी के संचालक को मारी गोली, अस्पताल में भर्ती

रीवा : एडवरटाइजिंग एजेंसी के संचालक को मारी गोली, अस्पताल में भर्ती

Bhaskar Hindi
Update: 2019-02-25 18:24 GMT
रीवा : एडवरटाइजिंग एजेंसी के संचालक को मारी गोली, अस्पताल में भर्ती

डिजिटल डेस्क, रीवा। अज्ञात हमलावरों ने एडवरटाइजिंग एजेंसी के संचालक को गोली मारी दी। यह घटना उस समय हुई जब वे हेडगेवार नगर अपने कार्यालय से कामकाज पूरा करने के बाद कार से घर लौट रहे थे। शिल्पी उपवन में रहने वाले विभू सूरी पुत्र प्रो. बीपी सूरी खुद कार ड्राइव कर जा रहे थे। विश्वविद्यालय मार्ग पर जैसे ही वे जनता कॉलेज मोड़ पर पहुंचे, तभी बाइक में सवार बदमाश ने कार में फायर करना शुरू कर दिया। विभू कुछ समझ पाते, इससे पहले कार के गेट को चीरती एक गोली उनके पेट में जा लगी। गोली से घायल विभू को तत्काल ही उपचार के लिए संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय लाया गया, जहां उनका उपचार शुरू हुआ। 

कार में तीन फायर 
विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में यह घटना रात लगभग नौ बजे हुई है। अंधेरा होने की वजह से बाइक सवार दनादन फायर कर आसानी से निकल गए। इस घटना को अंजाम देने वाले कौन थे, यह भी पता नहीं चल पाया। बताया जा रहा है कि बाइक में सवार बदमाश ने तीन फायर किए है। इसमें से एक गोली गेट को चीरते हुए अंदर गई और विभू को लग गई। इस घटना की जानकारी मिलते ही संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय में भीड़ जुटने लगी। विभू सूरी शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी के साथ ही समाजसेवी भी हैं। विभू पर गोली किसने और क्यों चलाई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो रहा है। 

हालत खतरे से बाहर
संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय पहुंचते ही विभू सूरी का उपचार शुरू हो गया। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंच गई। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। व्यवसायिक प्रतिस्पर्धा सहित हर पहलू से इस घटना को देखा जा रहा है।

Similar News