बिसाहूलाल सिंह के बाद प्रमिला व जिपं अध्यक्ष ज्ञानवती के भी इस्तीफे

बिसाहूलाल सिंह के बाद प्रमिला व जिपं अध्यक्ष ज्ञानवती के भी इस्तीफे

Bhaskar Hindi
Update: 2020-03-13 09:14 GMT
बिसाहूलाल सिंह के बाद प्रमिला व जिपं अध्यक्ष ज्ञानवती के भी इस्तीफे

डिजिटल डेस्क शहडोल/अनूपपुर । सूबे की राजनीति में चल रही सियासी उठापटक का सबसे ज्यादा असर शहडोल संभाग में देखा गया। ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में चले जाने के बाद जहां कांग्रेस के अनूपपुर विधायक बिसाहूलाल सिंह के अगले कदम पर सबकी निगाहें लगी रहीं वहीं अनूपपुर सहित शहडोल व उमरिया में इस्तीफों का दौर चला। अनूपपुर में जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सिद्धार्थ शिव सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दिया तो शहडोल से कांग्रेस की टिकट पर लोकसभा चुनाव लडऩे वाली प्रमिला सिंह ने और उमरिया में जिला पंचायत अध्यक्ष ज्ञानवती ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। गुरुवार को अनूपपुर में फिर सियासी माहौल गरमाया, जब जिला कांग्रेस अध्यक्ष और बिसाहूलाल के बीच पत्र युद्ध शुरू हुआ। 
इस्तीफे का पत्र वायरल होते ही प्रमिला सिंह ने बनाई दूरी
विधानसभा चुनाव के ठीक पहले भाजपा छोड़ कर कांग्रेस में शामिल हुई और शहडोल संसदीय सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लडऩे वाली पूर्व विधायक प्रमिला सिंह का पार्टी छोडऩे संबंधी पत्र मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसकी सच्चाई जानने प्रमिला सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने मोबाइल रिसीव नहीं किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष आजाद बहादुर सिंह से बात की गई तो उनका कहना था कि प्रमिला सिंह के इस्तीफे की उन्हें जानकारी नहीं है। इधर भाजपा विधायक जयसिंह मरावी (जयसिंहनगर) व मनीषा सिंह (जैतपुर) सोमवार रात भोपाल रवाना हो गए। ब्यौहारी विधायक शरद कोल पहले से ही भोपाल में थे। 
ज्ञानवती ने दिया उमरिया में कांग्रेस को बड़ा झटका
उमरिया जिले में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। सिंधिया की कट्टर समर्थक जिला पंचायत अध्यक्ष ज्ञानवती ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। जब ज्ञानवती से बात की गई तो उन्होंने साफ कहा कि जहां महाराज नहीं, वहां मेरा क्या काम। वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश शर्मा का कहना है कि पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण  आलाकमान के निर्देश पर ज्ञानवती को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। अलबत्ता यह तय है कि ज्ञानवती के इस्तीफे से कांग्रेस को तगड़ा नुकसान होगा।  ज्ञानवती के जिपं  अध्यक्ष पद छोड़ देने के बाद  जिले में कांग्रेस के पास कोई बड़ा पद नहीं रह गया है। 
अनूपपुर में कांग्रेस के कार्यकारी जिला अध्यक्ष का इस्तीफा 
बिसाहूलाल के कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में जाने की खबर के टीवी व सोशल मीडिया पर आते ही अनपूपुर जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सिद्धार्थ शिव सिंह ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। सिद्धार्थ से जब यह पूछा गय कि क्या उन्होंने कांग्रेस भी छोड़ दी है, उन्होंने कहा कि वे बिसाहूलाल जी के अगले कदम की प्रतीक्षा कर रहे हैं। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष जयप्रकाश अग्रवाल प्रतिक्रिया में सिर्फ इतना कहते हैं कि हमें विश्वास है कि बिसाहूलाल जी कांग्रेस में वापस आएंगे। उनके इस भरोसे के बीच अनूपपुर जिले के दो अन्य विधायक सुनील सराफ (कोतमा) व फुंदेलाल सिंह मार्को (पुष्पराजगढ़) भोपाल पहुंच गए हैं।
 

Tags:    

Similar News