पथराड़ी पिपरिया में बनेगी कृषि उपज मंंडी, कटनी मंडी समिति में शामिल होंगे जिले के सभी गांव

पथराड़ी पिपरिया में बनेगी कृषि उपज मंंडी, कटनी मंडी समिति में शामिल होंगे जिले के सभी गांव

Bhaskar Hindi
Update: 2018-08-08 08:53 GMT
पथराड़ी पिपरिया में बनेगी कृषि उपज मंंडी, कटनी मंडी समिति में शामिल होंगे जिले के सभी गांव

डिजिटल डेस्क, कटनी। बहोरीबंद के समीप पथराड़ी पिपरिया में स्वतंत्र कृषि उपज मंडी की स्थापना की जाएगी। जिसके लिए भूमि का चयन करने के साथ ही भू भाटक राशि जमा कर मंडी निर्माण की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। हासिल जानकारी के मुताबिक कृषि उपज मंडी की स्थापना के लिए ग्राम पथराडी पिपरिया के खसरा नंबर 24 की 15 एकड़ भूमि आरक्षित की गई है।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री के द्वारा की गई घोषणा और बहोरीबंद में वर्षो से चली आ रही कृषि उपज मंडी की स्थापना की मांग को मूर्त रूप मिल सकेगा। बहोरीबंद में मंडी की स्थापना के अलावा जिले के समस्त राजस्व ग्रामों को मंडी समिति कटनी के अंतर्गत शामिल किया जाएगा। मंडी का निर्माण कार्य पूर्ण होने पर बहोरीबंद के साथ ही रीठी क्षेत्र के किसानों को भी सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। किसान कल्याण एवं कृषि विभाग द्वारा करीब दो साल पहले इस संबंध में घोषणा पत्र जारी किया गया था। वर्तमान में भू भाटक की राशि जमा हो जाने के बाद अब निर्माण के लिए शासन को प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। जिसके बाद निविदा की प्रक्रिया की प्रक्रिया शुरू होगी।

कम व्यापारियों के पंजीयन का पेंच बहोरीबंद में मंडी स्थापना के लिए आवश्यक कार्यवाही पूर्ण होने के बावजूद कम व्यापारियों का पंजीयन होने से पेंच फंसा हुआ है। बताया जाता है कि मंडी की स्थापना के लिए कम से कम 15 पंजीकृत व्यापारी होना अनिवार्य है।

बहोरीबंद के लिए अब तक केवल चार व्यापारियों का पंजीयन था। जो एक पखवाडे़ में बढ़कर 10 तक पहुंच गया है। अब इसे बढ़ाकर 15 किए जाने की चुनौती है जिसके बाद ही मंडी के स्थापना की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। हालांकि, चार-पांच व्यापारियों के द्वारा हाल ही में पंजीयन के लिए आवेदन दिया गया है। पंजीयन की संख्या 15 होने की उम्मीद बढ़ी है जिससे कुछ दिनों में शासन के समक्ष सभी शर्ते पूर्ण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत कर प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सकेगा।

अभी सिहोरा मंडी में शामिल है जिले की दो तहसील
वर्तमान में कटनी जिले की दो तहसीलों के सभी राजस्व ग्राम सिहोरा कृषि उपज मंडी समिति के अंतर्गत स्थित है। बहोरीबंद और ढीमरखेडा तहसील के सभी गांव व पंचायतें सिहोरा कृषि उपज मंडी के अंतर्गत होने के कारण किसानों को सिहोरा आने जाने में परेशानियों से जूझना पड़ता है। इसके अलावा कृषि उपज मंडी सदस्य के चुनाव के बाद इन दोनों तहसीलों के सदस्यों को सिहोरा मंडी से ही क्षेत्र के लिए कार्य करने की मजबूरी है। जबकि राजस्व जिला कटनी व अन्य आवश्यकताएं भी जिला मुख्यालय से जुड़े होने के कारण व्यावहारिक परेशानियां सामने आती हैं। किसान भी सिहोरा की बजाय कटनी मंडी में अपना अनाज लेकर पहुंचते हैं।

मंडी बोर्ड के द्वारा दोनों तहसील के सभी गांवों को कृषि उपज मंडी समिति कटनी में शामिल करने से किसानों को लाभ होगा। साथ ही मंडी निधि से होने वाले कार्यों को कराने में भी आसानी होगी। इसकी मांग भी वर्षो से की जा रही थी। उम्मीद की जा रही है कि शीघ्र ही गजट नोटिफिकेशन की प्रक्रिया के बाद समूचा राजस्व जिला कटनी समिति में शामिल हो जाएगा।

इनका कहना है
बहोरीबंद मेंं स्वतंत्र कृ़षि उपज मंडी स्थापना की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। पंजीकृत व्यापारियों की संख्या 15 होते ही शासन के समक्ष प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। पथराडी पिपरिया में आरक्षित भूमि के लिए भू भाटक की राशि भी जमा की जा चुकी है। गजट नोटिफिकेशन के बाद जिले के सभी गांव कटनी कृषि समिति में शामिल हो जाएंगे।
-पीयूष शर्मा, सचिव कृषि उपज मंडी, कटनी

Similar News