मारपीट करने वाले वंशिका ग्रुप से जुड़े सभी आरोपी गिरफ्तार , गए जेल 

 मारपीट करने वाले वंशिका ग्रुप से जुड़े सभी आरोपी गिरफ्तार , गए जेल 

Bhaskar Hindi
Update: 2021-02-11 12:25 GMT
 मारपीट करने वाले वंशिका ग्रुप से जुड़े सभी आरोपी गिरफ्तार , गए जेल 

नरसिंहपुर पुलिस से मांगा गया आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड 
डिजिटल डेस्क शहडोल ।
सिंहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ट्रैक्टर चालक व मालिक से मारपीट करने वाले सभी आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सभी को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। वहीं जिला पुलिस ने मामले में गिरफ्तार किए गए नरसिंहपुर निवासी अभिषेक कहार, नीरज अवस्थी, पुष्पेंद्र सिंह राजपूत, महमूद खान  व अमित चौहान के क्राइम रिकॉर्ड की जानकारी नरसिंहपुर पुलिस ने मांगी है। इस संबंध में मंगलवार को पत्राचार किया गया है। मारपीट करने वाले सभी आरोपी जिले में रेत के समूहों का ठेका लेने वाली वंशिका कंस्ट्रक्शन ग्रुप के लिए काम करते थे। बताया जाता है कि ये लोग पूरे क्षेत्र में घूमते हुए वाहन चालकों को धमकाते थे और अवैध वसूली भी करते थे। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने कंपनी के जिले में काम करने वाले अधिकारियों को भी ताकीद कर दिया है कि भविष्य में इस तरह की घटना नहीं होनी चाहिए। 
यह है पूरा मामला 
सोमवार को वंशिका कंस्ट्रक्शन ग्रुप के कर्मचारियों द्वारा सिंहपुर थाना अंतर्गत सरफा नदी के पास ट्रैक्टर चालक और उसके मालिक के साथ मारपीट की थी। दोनों को बेरहमी से पीटा गया। आरोपियों ने कट्टे से हवाई फायर भी किए थे। मामले में अभिषेक कहार व 11 अन्य के विरुद्ध धारा 294, 323, 506, 34, 147, 148, 149, 336 भादवि का अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने मौके से ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि पांच फरार हो गए थे। अगले दिन फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया गया है। जहां रेत खदान नहीं वहां भी धमका रहे और कर रहे वसूली
वंशिका कंस्ट्रक्शन ग्रुप को जिले की जिन 50 रेत खदानों के समूह का ठेका दिया गया है, उनमें से कोई भी सरफा नदी पर नहीं है। सरफा महज 28 किमी लंबी स्थानीय नदी है, जो सिंहपुर गांव के नजदीक है। ग्रामीण इस नदी को पार कर लकड़ी आदि लेने उस पार जाते हैं। वहीं निजी उपयोग के लिए थोड़ी-बहुत रेत की जरूरत भी वे इसी से पूरा करते हैं। घटना में मारपीट का शिकार हुए मुकेश कुशवाहा व अन्य ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी के आदमी इस क्षेत्र में घटना के कुछ दिन पहले से घूम रहे हैं। जहां भी ट्रैक्टर देखते लोगों को धमकाने लगते। लोगों ने कर्मचारियों पर वसूली का भी आरोप लगाया है।
इनका कहना है
 मारपीट करने वाले सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। नरसिंहपुर पुलिस से गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपियों का क्राइम रिकॉर्ड मांगा गया है। 
अवधेश कुमार गोस्वामी, एसपी
 

Tags:    

Similar News