मोबाईल पर वीडियो बनाने से नाराजगी, दो युवकों पर हमला, दूसरे की हालत नाजुक 

मोबाईल पर वीडियो बनाने से नाराजगी, दो युवकों पर हमला, दूसरे की हालत नाजुक 

Tejinder Singh
Update: 2019-07-22 16:32 GMT
मोबाईल पर वीडियो बनाने से नाराजगी, दो युवकों पर हमला, दूसरे की हालत नाजुक 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मोबाइल में वीडियो बनाने से नाराज तलवार और लोहे की रॉड लेकर खड़े दो आरोपियों ने दो युवकों पर हमला कर दिया। हमले में जख्मी एक युवक ने दम तोड़ दिया जबकि दूसरे को बुरी तरह जख्मी हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात मुंबई के गोवंडी के शिवाजी नगर इलाके में हुई। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात सोमवार सुबह सवा छह बजे के करीब हुई। मोहम्मद शकील उर्फ आशु शेख और शीबू उर्फ मोहम्मद आसिफ नाम के दो दोस्त बैंगनवाडी इलाके में स्थित रिजविया मस्जिद के पास खड़े थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि आसिफ खान और फैज शेख नाम के दो लोग अपने हाथ में तलवार और लोहे की रॉड लेकर खड़े हैं। इसी दौरान शीबू ने अपने मोबाइल से दोनों का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। आसिफ और फैज ने शीबू को वीडियो बनाते देखा तो वे नाराज हो गए और दोनो दोस्तों पर तलवार और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इलाज के दौरान शीबू ने दम तोड़ दिया जबकि आशु बुरी तरह जख्मी है। सीनियर इंस्पेक्टर दीपक पगारे ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। 
        
नकली गहनों पर हॉलमार्क लगा बैंकों को लगाते थे चूना

उधर एक मामले में नकली हॉलमार्क के सहारे सोने के नकली गहने गिरवी रखकर 20 बैंकों को 2 करोड़ रुपए से ज्यादा का चूना लगाने वाले छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में तीन सगे भाई हैं। मामले का खुलासा तब हुआ जब एक व्यापारी ने नीलामी में बैंक से गहने खरीदे और वे नकली निकले। मामले में शिकायत करने वाले सराफा व्यवसायी ने कोटक महिंद्रा बैंक की नीलामी के दौरान तीन सोने के लाकेट खरीदे थे। लाकेट पर लगे हॉलमार्क को देखने के बाद शिकायतकर्ता ने इसी साल मार्च महीने में 1 लाख 64 हजार 996 रुपयों का भुगतान कर गहने खरीदे थे। लेकिन बाद में जब उन्होंने गहने गलाए तो 40 ग्राम वजन के गहनों में सिर्फ 5.23 ग्राम सोना निकला। नीलामी के दौरान दूसरे व्यापारियों ने भी 29 लाख 34 हजार 996 रुपए के गहने खरीदे थे जो नकली निकले। इसके बाद व्यापारियों की शिकायत पर ठगी का मामला दर्ज कर मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने रमेश सोनी, दिनेश सोनी, बिमल सोनी, अनिल कुमार स्वामी, प्रशांत नारायण और नीतू विलयीन नाम की महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने नकली गहने और नकली गहने बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया है। छानबीन में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने नकली गहने गिरवी रखकर कोटक महिंद्रा, आयआयएफएल, यस बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, फेडरल बैंक. मणप्पुरम गोल्ड, महाराष्ट्र बैंक, एचडीएफसी जैसे कई बैंकों को चूना लगाया है। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपियों को 1 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।   

Tags:    

Similar News