विधानसभा : सत्र के अंतिम दिन खूब बिकी संतरा बर्फी, जिले पर नहीं हो पाई चर्चा- जल्द मुंबई में होगी बैठक

विधानसभा : सत्र के अंतिम दिन खूब बिकी संतरा बर्फी, जिले पर नहीं हो पाई चर्चा- जल्द मुंबई में होगी बैठक

Tejinder Singh
Update: 2019-12-22 10:15 GMT
विधानसभा : सत्र के अंतिम दिन खूब बिकी संतरा बर्फी, जिले पर नहीं हो पाई चर्चा- जल्द मुंबई में होगी बैठक

डिजिटल डेस्क, नागपुर। विधानसभा सत्र के अंतिम दिन परिसर में संतरा बर्फी खूब बिकी। ऐसी परंपरा है कि सदस्य यहां से संतरा बर्फी जरूर खरीदकर ले जाते हैं। इसके अलावा अधिवेशन के समय मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने विदर्भ के सभी जिलों में विकास कार्य के लिए समीक्षा बैठक रखी थी। उन्होंने चर्चा भी की, लेकिन नागपुर जिले पर चर्चा नहीं हो पायी। मुख्यमंत्री ठाकरे ने कहा है कि अन्य कार्यों के कारण भले ही नागपुर पर चर्चा नहीं हो पाई है, लेकिन जल्द ही मुंबई में बैठक ली जाएगी। उसमें नागपुर जिले की विकास योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों से सुझाव लिए जाएंगे। नागपुर को टाइगर कैपिटल के तौर पर विकसित किया जाएगा। विदर्भ के व्याघ्र प्रकल्पों का विकास किया जाएगा। पर्यटन विकास के लिए नागझिरा, बोरधरण, ताड़ोबा में नए प्रकल्प लाए जाएंगे। लोणार जैसे सरोवरों का सुधार किया जाएगा।

निर्माणाधीन कैंसर अस्पताल जल्द तैयार होगा। निधि कम नहीं होने दी जाएगी। मेडिकल महाविद्यालयों के लिए सुविधाएं व निधि दी जाएगी। गोंदिया में मेडिकल अस्पताल की इमारत की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी की रहेगी।
आंबेडकर अस्पताल व संशोधन केंद्र का कार्य जल्द पूरा होगा। 
मिहान में निवेश बढ़ाने की उपाय योजना की जाएगी। नए निवेशकों को 5 वर्ष की अवधि के साथ मिहान में प्रोत्साहन दिया जाएगा। पीपीपी  फास्ट ट्रैक पर किया जाएगा।
विभागीय सीएमओ अर्थात मुख्यमंत्री कार्यालय होगा।
सिंचाई के किसी प्रकल्प को स्थगित नहीं किया जाएगा। विदर्भ में 123 सिंचाई प्रकल्पों के काम चल रहे हैं। इनमें 52 प्रकल्प केंद्र सरकार की सहायता से चल रहे हैं। जून 2023 तक सभी प्रकल्प पूरे किए जाएंगे। अमरावती के सिंचाई प्रकल्प 2022 तक पूरे होंगे। गोसीखुर्द सिंचाई परियाेजना को 2022 तक पूरा करने के लिए आवश्यक निधि दी जाएगी। 
सिंदेवाही में वन विद्या महाविद्यालय खोलने का विचार है। उस महाविद्यालय में कृषि क्षेत्र विकास व आधुनिक तकनीकी के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

मैं विदर्भ का नाती हूं : उद्धव ठाकरे

मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा- विदर्भ का नाती हूं। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार यहां आने पर जोरदार स्वागत किया गया। यहां मिले प्रेम के लिए सभी का आभार मानता हूं। मुख्यमंत्री ने कहा-अमरावती जिले के परतवाड़ा के पास के गांव में उनकी दादी रहती थी। वे मानते हैं कि विदर्भ से उन्हें दादाजी के प्रेम जैसा आशीर्वाद मिलता रहेगा। उन्होंने कहा, विदर्भ विकास के लिए मिल-जुलकर काम करेंगे।

Tags:    

Similar News