बंद कोयला खदान में मिले लापता युवकों के शव, क्षेत्र में हड़कंप

बंद कोयला खदान में मिले लापता युवकों के शव, क्षेत्र में हड़कंप

Bhaskar Hindi
Update: 2020-10-17 16:35 GMT
बंद कोयला खदान में मिले लापता युवकों के शव, क्षेत्र में हड़कंप


डिजिटल डेस्क परासिया/छिंदवाड़ा। परासिया स्थित गणपति कोयला खदान में शनिवार को दो युवकों का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। दोनों युवक पिछले एक सप्ताह से घर से लापता थे। पिछले तीन साल से बंद गणपति खदान में युवक कैसे पहुंचे और उनकी मौत किन कारणों से हुई। इसकी जांच में पुलिस टीम जुटी है। पुलिस ने रेस्क्यू कर शवों को खदान से बाहर निकाला।
पुलिस ने बताया कि बीजी साइडिंग टोला निवासी 28 वर्षीय रज्जू पिता गोपाल कठौते और 30 वर्षीय अर्जुन पिता पिट्टूराम कहार बीते शनिवार रात से एक साथ घर से गायब थे। दोनों युवकों के परिजनों ने तलाश के बाद चार दिन पूर्व परासिया थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस और परिजन दोनों युवकों की तलाश कर रही थी। इस दौरान गणपति खदान से दुर्गंध आने पर स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस और खदान स्टाफ ने रेस्क्यू शुरू किया। इस दौरान दोनों के शव खदान में मिले। दोनों शव क्षतविक्षत हालत में मिले है। परासिया पुलिस टीम और वेकोलि प्रबंधक शशिकांत साहू व स्टाफ मौके पर मौजूद थे।  
मुहाने से दस मीटर भीतर मिले दोनों शव-
खदान मुहाने पर लगे लोहे के गेट की एक राड मुड़ी हुई थी, जिससे अंदर पहुंचा जा सकता है। इसी गेट के समीप दोनों मृतकों की चप्पलें मौजूद थी। गेट से लगभग 10 मीटर भीतर दोनों युवकों के शव मिले। दोनों शव आधे मिट्टी में धंसे थे। संभावना जताई जा रही है कि खदान में घुसे दोनों युवक बैठे थे और जहरीली गैस की वजह से वहीं बेहोश हो गए। दोनों के शव बैठी अवस्था में मिले है। बारिश के साथ खदान में बहकर आई मिट्टी की परत दोनों शवों पर जमा हो गई थी। शव क्षतविक्षत अवस्था में मिले है।
बंद खदान में भी 24 घंटे कर्मचारी तैनात-  
गणपति खदान गत अगस्त-17 से बंद है। यहां अभी भी 61 कामगार कार्यरत हैं, जिसमें से कुछ कामगार बड़कुही ओसीएम और कुछ कामगार न्यूटन टाउनशिप के रोल पर कार्यरत हैं। यहां 11 कामगार जनरल शिफ्ट और 6-6 कामगार सेकेंड और नाईट शिफ्ट में काम करते हैं। खदान मुहाना के पीछे खदान कार्यालय और बाजू में स्टोर है, वहीं सामने बीजी साइडिंग है। पंद्रह दिन पहले ही यहां से केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल- सीआईएसएफ की तैनाती को हटाया गया है।
क्या कहते हैं अधिकारी-
दोनों शवों को खदान से बाहर निकालकर पीएम कराया गया है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी। दोनों युवक खदान के भीतर कैसे और क्यों पहुंचे थे। इसकी जांच की जा रही है।
-सुमेर ङ्क्षसह जगेत, टीआई, परासिया

Tags:    

Similar News