धान की बोरियों में भर दिए ईंट, धान की क्वालिटी भी खराब

धान की बोरियों में भर दिए ईंट, धान की क्वालिटी भी खराब

Bhaskar Hindi
Update: 2020-11-26 12:15 GMT
धान की बोरियों में भर दिए ईंट, धान की क्वालिटी भी खराब

उपार्जन केंद्रों में बरती जा रही लापरवाही, बोरियों में सीधे पलट रहे धान
डिजिटल डेस्क शहडोल ।
उपार्जन केंद्रों में नित नई लापरवाहियां सामने आ रही हैं। कुछ केंद्र ऐसे हैं जहां किसानों द्वारा लाई जा रही धान सीधे समितियों के बारदानों में पलटी की जा रही हैं। जिससे यह पता नहीं चल पाता कि वह धान खरीदने लायक है अथवा नहीं। बुधवार को सोहागपुर खरीदी केंद्र में धान की एक बोरी में ईंट निकल आई। यह बोरी स्टैक पर रखी जा रही थी। माना जा रहा है कि वजन बढ़ाने के लिए ऐसा किया हो सकता है। हैंडलिंग के समय स्टेक लगाने का कार्य चल रहा था। बोरी उठाते समय पल्लेदार की पीठ में गड़ा, जिसने धान पलटी तो उसमें ईंट निकली। बताया गया है कि यह धान राकेश बैगा के पंजीयन पर किसी व्यापारी द्वारा लाई गई थी। 
सर्वेयर तैनात, नहीं हो रही जांच
बोरी में ईंट का मिलना खरीदी केंद्रों में बड़ी लापरवाही का परिणाम है। कहने को तो नागरिक आपूर्ति विभाग के सर्वेयर हर केंद्र में तैनात हैं। जिनका काम ही है धान की क्वालिटी को चेक करना। नियमानुसार किसानों द्वारा लाई गई धान को केंद्र के बाहर बोरियों से निकालकर उसका मानक तय करना है। इसके बाद समितियों की मार्किंग वाली बोरियों में रखवाकर वजन कराना है। ताकि मानक स्तर की धान की खरीदी हो सके। जानकारों की मानें तो व्यापारियों की धान खपाने के लिए नियमों का दरकिनार किया जा रहा है। कोटमा के मोतीलाल गोंड के पंजीयन पर दूसरा व्यक्ति धान लेकर आया और बिक्री कर दिया। इसी प्रकार के कई अन्य मामले सामने आ रहे हैं। लेकिन संबंधित विभाग और समितियां आंख बंद किए हुए हैं।
अभी तक शुरु नहीं हुआ परिवहन
जिले में इस बार 50 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं, जहां धान खरीदी का कार्य चल रहा है। अभी तक 1300 क्विंटल से अधिक की धान की खरीदी की जा चुकी है, लेकिन परिवहन का कार्य शुरु नहीं कराया गया है। जबकि खरीदी के साथ परिवहन का कार्य शुरु हो जाना चाहिए। बताया गया है कि आज तक परिवहनकर्ता ही तय नहीं हो पाया है। नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंधक एमएस उपाध्याय का कहना है कि ठेकेदार तय हो जाने के बाद एक दो दिन में परिवहन का कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। वहीं अमानक स्तर की खरीदी तथा बोरियों में मिली ईंट के बारे कहा कि इसका पता लगाया जाएगा।

Tags:    

Similar News