कपास उत्पादक तहसीलों में शामिल हुई चंद्रपुर तहसील, वस्त्रोद्योग नीति के तहत निर्णय 

महाराष्ट्र कपास उत्पादक तहसीलों में शामिल हुई चंद्रपुर तहसील, वस्त्रोद्योग नीति के तहत निर्णय 

Tejinder Singh
Update: 2022-11-18 16:44 GMT
कपास उत्पादक तहसीलों में शामिल हुई चंद्रपुर तहसील, वस्त्रोद्योग नीति के तहत निर्णय 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश सरकार की वस्त्रोद्योग नीति 2018-23 के तहत घोषित राज्य के कपास उत्पादक तहसीलों की सूची में चंद्रपुर जिले की चंद्रपुर तहसील को भी शामिल किया गया है। इस फैसले के बाद अब चंद्रपुर तहसील में सहकारिता के आधार पर नई सूत मिल स्थापित की जा सकेगी। इसके साथ ही राज्य में कपास उत्पादक तहसीलों की संख्या बढ़कर 123 हो गई है। शुक्रवार को राज्य के वस्त्रोद्योग विभाग ने इस संबंध में शासनादेश जारी किया है। राज्य वस्त्रोद्योग नीति 2018-23 के अनुसार लगातार दो साल 9600 टन से अधिक कपास उत्पादन होने पर संबंधित तहसील को कपास उत्पादक सूची में शामिल किया जाता है। चंद्रपुर तहसील में साल 2020-21 और साल 2021-22 इन दोनों सालों में औसतन कपास उत्पादन 7982.73 टन हुआ है। फिर भी सरकार ने चंद्रपुर तहसील को एक विशेष प्रस्ताव के तहत कपास उत्पादक तहसीलों की सूची में शामिल किया है।

चार साल में आठ नई तहसीलों का समावेश 

प्रदेश सरकार ने रा28 अगस्त 2018 को राज्य के 18 जिलों की 115 तहसीलों को कपास उत्पादक तहसील घोषित किया था। इसके बाद 30 अगस्त 2018 को और तीन तहसीलों को कपास उत्पादक तहसीलों की सूची में शामिल किया गया था। इसके बाद 26 जुलाई 2019 को एक तहसील, 14 अगस्त 2019 को दो तहसील, 14 सितंबर 2020 को एक तहसील और 18 नवंबर 2022 को एक तहसील को कपास उत्पादक तहसील घोषित किया गया। इससे बीते चार सालों में 8 नई तहसीलों को कपास उत्पादक तहसीलों की सूची में शामिल किया गया है। 
 

Tags:    

Similar News