खतरनाक बनी चुलबंद नदी की पुलिया

गोंदिया खतरनाक बनी चुलबंद नदी की पुलिया

Tejinder Singh
Update: 2022-01-31 12:30 GMT
खतरनाक बनी चुलबंद नदी की पुलिया

डिजिटल डेस्क, गोंदिया। तहसील के राका पलसगांव स्थित चुलबंध नदी पर कोल्हापुर बांध का निर्माण हुए लगभग 20 वर्ष पूर्ण हो गए हैं, लेकिन पुल पर रेलिंग नहीं होने से नागरिकों को हमेशा दुर्घटनाओं का डर सताते रहता है। जिससे यहां पर रेलिंग लगाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। वर्ष 2019 में अतिवृष्टि के कारण पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण लोहे की रेलिंग टूट गई थी। वहीं नदी के दक्षिण दिशा में रोड के किनारे 2 से 3 मीटर का गड्‌ढा हो गया था। सार्वजनिक निर्माणकार्य विभाग ने वर्ष 2018-19 में गड्‌ढे की दुरुस्ती कर दीवार का निर्माण किया था। उस समय संबंधित विभाग ने रोड व गड्ढे की स्थायी रूप से दुरुस्ती नहीं की थी। वास्तव में चुलबंध नदी पर रेलिंग लगाना आवश्यक है। साकोली की ओर जाने के लिए यह मुख्य मार्ग होने से आवागमन अधिक रहता है। उक्त पुल से शालेय बालकों के साथ ही किसान साइकिल से आवागमन करते हैं। पुल पर अनेक दुर्घटनाएं होकर कई लोग हमेशा के लिए विकलांग भी हो गए हैं, लेकिन सार्वजनिक निर्माणकार्य विभाग सड़क अर्जुनी द्वारा पुल पर रेलिंग नहीं लगाई जा रही है। नागरिकों ने मांग की है कि, जल्द से जल्द पुल पर रेलिंग लगाई जाए।

देवलगांव रेलवे स्टेशन पर उड़ान पुल नहीं 

उधर तहसील के देवलगांव रेलवे स्टेशन पर उड़ान पुल सहित पथमार्ग निर्माण करने की मांग अनेक वर्षों से की जा रही है। इसके बावजूद रेलवे विभाग द्वारा इस ओर अनदेखी की जा रही है। जिसकी वजह से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बता दें कि, अर्जुनी मोरगांव तहसील के देवलगांव रेलवे स्टेशन पर उड़ान पुल एवं पथ मार्ग नहीं होने से रेलवे यात्रियों को असुविधा हो रही है। प्लेटफार्म क्रमांक 2 से प्लेटफार्म क्रमांक 1 पर जाने के लिए मार्ग नहीं है। जिससे रेलवे के यात्रियों को एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए रेलवे मार्ग से जाना पड़ता है। रेलवे मार्ग से प्लेटफार्म की ऊंचाई अधिक होने से चढ़ना व उतरना काफी मुश्किल होता है। जिससे वरिष्ठ नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। असुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा देवलगांव रेलवे स्टेशन पर उड़ानपुल के साथ पथमार्ग का निर्माण करने की मांग यात्रियों ने की है। इस संदर्भ में नवेगांवबांध के सरपंच अनिरुद्ध सहारे ने बताया कि, उन्हांेने रेलवे अधिकारियों से अनेक बार पत्र व्यवहार कर देवलगांव रेलवे स्टेशन पर उड़ानपुल व पथमार्ग निर्माण करने की मांग की। परिसर के नागरिकों के हस्ताक्षर का ज्ञापन भी रेलवे के अधिकारियों को सौंपा गया। तब रेलवे अधिकारियों ने पदचारी मार्ग जल्द ही तैयार करने का पत्र भी दिया था, लेकिन एक वर्ष का समय बीतने के बावजूद पदचारी मार्ग तैयार नहीं किया गया है।

Tags:    

Similar News