सरकारी अस्पतालों में नहीं है लू के मरीजों के अधिकृत आंकड़े, बढ़ रहा तापमान

सरकारी अस्पतालों में नहीं है लू के मरीजों के अधिकृत आंकड़े, बढ़ रहा तापमान

Anita Peddulwar
Update: 2019-05-22 10:44 GMT
सरकारी अस्पतालों में नहीं है लू के मरीजों के अधिकृत आंकड़े, बढ़ रहा तापमान

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सूरज आंखें तरेर रहा है। चुभती जलती गर्मी से नागरिक परेशान हैं। गर्मी का असर नागरिकों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। मनपा अस्पतालों में अभी तक 254 मरीज उपचार कराने पहुंचे हैं। मेडिकल और मेयो अस्पताल में भी मरीज पहुंच रहे हैं, लेकिन उपचार के लिए आए मरीजों के आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं। कोल्ड वार्ड बनाए गए। वह भी खाली पड़े हैं। 

मरीजों का सही आंकड़ा नहीं
लू लगने से बीमार मरीजों के आंकड़े केवल मनपा अस्पतालों के हैं। मेयो और मेडिकल में उपचार कराने पहुंचे मरीजों के आंकड़े मनपा के पास नहीं है। सूत्रों ने बताया कि मेयो और मेडिकल अस्पताल प्रशासन को प्रतिदिन लू के मरीजों की रिपोर्ट भेजने का सूचित किया गया है, लेकिन इसे नजरअंदाज किया जा रहा है। इसलिए शहर में प्रतिदिन कितने लोग लू लगने से बीमार हो रहे हैं, इसका सही आंकड़ा सामने नहीं आ रहा है।

45 डिग्री में लू का खतरा
जानकारों की मानें तो तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पार करने पर लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। सप्ताह भर से पारा 45 के आस-पास चल रहा है। लू की शिकयत से बचने के लिए कड़ी धूप में कठोर परिश्रम करने से बचने, पानी ज्यादा से ज्यादा पीने, यदि कोई आवश्यक काम के लिए धूप में निकलना पड़ने पर चेहरा और कान पर कपड़ा बांधने, आंखों पर काला चष्मा पहनने की सलाह दी गई है।

1.4 डिग्री तापमान और बढ़ा
मौसम में उथल-पुथल जारी है। बुधवार को शहरवासी और अधिक तपन महसूस कर रहे हैं। मंगलवार को पारा उछलकर 45.6 हो गया। न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री रहा। दिन भर गर्मी रही, लेकिन शाम 5 बजे के दौरान अचानक मौसम का मिजाज बदला और आसमान में बादल छा गए। तेज धूप गायब हो गई। शाम के बाद स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई। 

फिर ऑरेंज जोन में संतरानगरी
मौसम विभाग के अनुसार, स्थानीय स्तर पर होनेवाले परिवर्तन के कारण एकदम से पारा उछला आैर शाम को बादल छा गए। चार दिनों तक पारा 45 डिग्री के आस-पास रहने की संभावना जताई गई थी, लेकिन मंगलवार को पारा 45.6 डिग्री हो गया। 24 घंटे में 1.4 डिग्री तापमान बढ़ गया। तापमान में हुई वृद्धि से गर्मी का ज्यादा एहसास हुआ। शाम 5 बजे के दौरान तेज धूप अचानक गायब हुई आैर आसमान में काले बादल छा गए। शाम 7.30 बजे के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। रात को तेज हवा चलने लगी। मौसम के जानकारों ने बताया कि अगले 24 घंटे में पारा आैर उछाल मार सकता है। 46 डिग्री तक तापमान जा सकता है। बुधवार को गर्म हवा के साथ ही आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। तापमान में वृद्धि होने से नागपुर यलो जोन से फिर  ऑरेंज जोन में आ गया है। विदर्भ में सबसे गर्म चंद्रपुर बना हुआ है। यहां अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री रहा। 

Tags:    

Similar News