कांग्रेस प्रत्याशियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर सरकार पर साधा निशाना

उमा भारती ने की विधायक-परिजनों पर हमले की निंदा कांग्रेस प्रत्याशियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर सरकार पर साधा निशाना

Safal Upadhyay
Update: 2022-07-15 10:50 GMT
कांग्रेस प्रत्याशियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर सरकार पर साधा निशाना

डिजिटल डेस्क,टीकमगढ़। प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेत्री ने विधायक राकेश गिरी और उनके परिवार पर हुए हमले की निंदा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और गृहमंत्री को घटना के संबंध में अवगत कराया एवं फोटो भेजी गई है। उमा भारती बुधवार रात विधायक राकेश गिरी के निवास पर पहुंची और उन्होंने करीब एक घंटे तक चर्चा की। उमा भारती ने घटना को शर्मनाक बताते हुए कहा कि विधायक अपने भाई गोलू गिरी को बचाने नहीं जाते तो उसके साथ बड़ी घटना हो सकती थी। उन्होंने कहा कि टीकमगढ़ से नहीं जाऊंगी, जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं किए जाते। उन्होंने पूर्व मंत्री के द्वारा आदर्श आचार संहित में जो भीड़ एकट्‌ठी की गई है वो गलत है, हमें भी भीड़ एकत्रित करना आता है। नगरीय निकाय चुनाव के मतदान के दौरान 13 जुलाई को शहर के वार्ड क्रमांक एक में हुए भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री के बीच विवाद अब थमने का नाम नहीं ले रहा है।

पूर्व मंत्री पर गलत धाराएं लगाईं

मामले के दूसरे दिन गुरुवार को जहां नगर पालिका परिषद टीकमगढ़ कांग्रेस के 27 में से 26 प्रत्याशी मीडिया से रूबरू हुए और सरकार पर निशाना साधा। तो वहीं दूसरी ओर उमा भारती ने टीकमगढ़ प्रवास के दौरान कांग्रेसियों पर गुंडागर्दी का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थानीय होटल में मीडिया से रूबरू होते हुए कांग्रेस के प्रत्याशी गौरव शर्मा, अंकित जैन, भरत सोनी, लक्ष्मन रैकवार ने कहा कि यादवेंद्र सिंह द्वारा फर्जीवाड़ा का निरंतर विरोध किया जा रहा है। इसी के चलते सत्ता के दबाव में झूठा केस और गलत तरीके से धाराएं लगाई गई है। कांग्रेसियों ने कहा कि सत्ता के दबाव में पुलिस और प्रशासन कार्य करता है तो मजबूरन आंदोलन करना पड़ेगा। नगरीय चुनाव के दौरान भाजपा विधायक और कांग्रेस के पूर्व मंत्री के बीच विवाद का मामला बढ़ता ही जा रहा है। घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने पूर्व मंत्री यादवेंद्र सिंह बुंदेला सहित 30 लोगों के खिलाफ  मारपीट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।

वहीं गुरुवार सुबह धाराएं बढ़ाते हुए हत्या के प्रयास की धारा 307 और 326 का इजाफा कर दिया गया है। इसके विरोध में कांग्रेस पदाधिकारियों ने निंदा की।  कांग्रेस नेता संजय नायक ने कहा कि भाजपा विधायक के दबाव में मतदान केंद्र पर कांग्रेसी प्रत्याशियों के साथ भेदभाव किया गया।  वार्ड क्रमांक 1 से कांग्रेस प्रत्याशी छीताबाई उर्फ सीता बाई कुशवाहा ने कहा कि उन्हें मतदान केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया, जबकि भाजपा नेता और पदाधिकारी खुलेआम मतदान केंद्र के अंदर घूम रहे थे, इसी का विरोध किया गया तो वह हंगामा करने लगे। वार्ड 6 से कांग्रेस प्रत्याशी पूनम जायसवाल ने कहा कि मेरे वार्ड में शासकीय कर्मचारियों को भाजपा के पक्ष में वोट डालने के लिए धमकाया गया है। मुझे प्रचार करने से रोका गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पार्षद 4 करोड़ में भी विकने वाले नहीं है। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश सचिव सूर्य प्रकाश मिश्रा,  अंकित जैन, गौरव शर्मा, भरत सोनी, लक्ष्मण रैकवार, अरविंद रजक, जब्बार खान, रानू मिश्रा, डॉ.इजराइल खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद थे। 

 

Tags:    

Similar News