आंध्र प्रदेश: लॉकडाउन के चलते नहीं मिली शराब तो पी लिया सैनिटाइजर, नौ लोगों की मौत

आंध्र प्रदेश: लॉकडाउन के चलते नहीं मिली शराब तो पी लिया सैनिटाइजर, नौ लोगों की मौत

Bhaskar Hindi
Update: 2020-07-31 08:11 GMT
आंध्र प्रदेश: लॉकडाउन के चलते नहीं मिली शराब तो पी लिया सैनिटाइजर, नौ लोगों की मौत

डिजिटल डेस्क, अमरावती। आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले में लॉकडाउन के कारण शराब नहीं मिली लोगों ने सैनिटाइजर ही पी लिया। जिसके बाद नौ लोगों की मौत हो गई है। दरअसल लॉकडाउन के चलते शहर व इसके आसपास के सभी गांवों में शराब की दुकानें पिछले दस दिनों से बंद हैं। ऐसे में शराब के आदी इन लोगों ने सैनिटाइजर का ही सेवन करना शुरू कर दिया। सैनिटाइजर पीने से तीन लोगों की गुरुवार को ही मौत हो गई थी जबकि छह की मौत शुक्रवार को हुई।

यह घटना प्रकाशम जिले के कुरिचेदु मंडल मुख्यालय की है। मृतकों में तीन भिखारी शामिल हैं। इनमें से दो एक स्थानीय मंदिर में भीख मांगा करते थे। गुरुवार रात को इनके पेट में अचानक तेज जलन की समस्या पैदा हो गई जिसके बाद एक की तुरंत ही मौत हो गई और दूसरे को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। एक अन्य 28 वर्षीय शख्स ने देसी शराब में सैनिटाइजर मिलाकर पीया जिसके बाद वह अपने घर पर बेहोश होकर गिर पड़ा। अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई।

छह और लोगों को शुक्रवार तड़के अस्पताल ले जाया गया और इन सभी की मौत हो गई। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि क्या इसी तरह की शिकायतों के साथ और भी लोगों को अस्पताल में ले जाया गया है या नहीं।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ कौशल ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा, सैनिटाइजर इलाके के दुकानों से जब्त कर लिए गए हैं जिन्हें अब जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि क्या ये सभी सिर्फ सैनिटाइजर का ही उपयोग कर रहे थे या इसे किसी और भी रसायन के साथ मिलाया गया था।

मृतकों की पहचान श्रीनू (25), तिरुपति (37), रेमिरेड्डी (60), कदियम रमैय्या (29), रमैय्या (65), राजिरेड्डी (65), बाबू (40), चार्ल्स (45) और ऑगस्टीन (47) के रूप में की गई है।

Tags:    

Similar News