उप्र: गोरखपुर में एक घंटे में 52 चमगादड़ों की अचानक हुई मौत, ग्रामीणों में दहशत

उप्र: गोरखपुर में एक घंटे में 52 चमगादड़ों की अचानक हुई मौत, ग्रामीणों में दहशत

Bhaskar Hindi
Update: 2020-05-27 06:51 GMT
उप्र: गोरखपुर में एक घंटे में 52 चमगादड़ों की अचानक हुई मौत, ग्रामीणों में दहशत

डिजिटल डेस्क, गोरखपुर। कोरोना के कोहराम के बीच उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में कई चमगादड़ों की अचानक मौत होने से हड़कंप मच गया है। यहां के बेलघाट इलाके में मौजूद एक आम के बगीचे में मंगलवार को चारों ओर कई सारे चमगादड़ मृत पाए गए, जिसके बाद बाग के मालिक पंकज शाही ने इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी। मौके पर पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों ने बताया, लगभग 52 चमगादड़ों की पेड़ से गिरकर मौत हो चुकी थी।

प्रभागीय वनाधिकारी अवनीश कुमार ने कहा, मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए तीन चमगादड़ों के शवों को बरेली में भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान में भेजा गया है। मौत होने की वजह गर्म हवाओं की लपटें या कीटनाशक हो सकता है। इस वक्त इसे कोरोना से जोड़कर देखा जाना उचित नहीं।

हालांकि इस घटना को लेकर गोरखपुर और इसके आसपास के इलाकों में मौजूद लोगों में डर पैदा हो गया है। एक वरिष्ठ नागरिक अशोक वर्मा ने कहा, गर्म हवाओं का अनुभव हमने पहले भी किया है, लेकिन इससे पहले इतने बड़े पैमाने पर मौतें कभी नहीं हुई है। इसके अलावा चमगादड़ों के लिए पानी कौन रखता है? दाल में कुछ काला तो है, लेकिन अधिकारी इसे छिपाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे कैसे महज एक ही घंटे के भीतर 52 चमगादड़ इस तरह से अचानक मर सकते हैं?

लॉकडाउन फेल: रविशंकर बोले- कोरोना की लड़ाई कमजोर करने की कोशिश में राहुल न फैलाएं झूठ

सहजनवा के निवासी विशेष कुमार सिंह ने इस हादसे को कोरोना महामारी से जुड़ा हुआ बताया। उन्होंने जोर देकर कहा, मैंने टीवी पर देखा है कि कोरोनावायरस के लिए चमगादड़ जिम्मेदार हैं। अधिकारियों को इसे गंभीरता से लेना चाहिए और इसी के अनुरूप आगे की कार्रवाई करनी चाहिए। हम सभी चिंतित हैं क्योंकि इससे पहले ऐसा कुछ कभी नहीं हुआ।

Tags:    

Similar News