कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए किए जा रहे कार्यों के बीच डर्टी पॉलिटिक्स की एंट्री

कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए किए जा रहे कार्यों के बीच डर्टी पॉलिटिक्स की एंट्री

Tejinder Singh
Update: 2020-04-02 10:17 GMT
कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए किए जा रहे कार्यों के बीच डर्टी पॉलिटिक्स की एंट्री

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए किए जा रहे कार्यों के बीच डर्टी पॉलिटिक्स की एंट्री हुई है। मनपा प्रशासन और महापौर के बीच मनमुटाव का मामला फिर सार्वजनिक हुआ है। मनपा आयुक्त और महापौर के बीच की खींचतान जगजाहिर है। पूर्व में भी कई बार इस तरह की बातें सामने आई हैं। एक बार फिर महापौर संदीप जोशी ने मनपा प्रशासन पर लापरवाही का आरोप मढ़ा है। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के नाम पर कागजी औपचारिकता निभाने की बात कही है। इसको लेकर उन्होंने मनपा प्रशासन को लापरवाह कहते हुए फटकारा भी है। फॉगिंग और सैनिटाइजेशन के नाम पर औपचारिकता निभाने का आरोप लगाया है। उन्होंने यहां तो कहा है कि जनप्रतिनिधियों को विश्वास में नहीं लिया जा रहा है। कई बस्तियों में सैनिटाइजेशन और फॉगिंग तक नहीं करने तक का आरोप भी लगाया है। उन्होंने मनपा प्रशासन से औपचारिकता निभाना छोड़ जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लेकर फॉगिंग और सैनिटाइजेशन करने के सख्त आदेश दिए।

मनपा आयुक्त को लिखा पत्र, जताई नाराजगी

महापौर ने मनपा आयुक्त तुकाराम मुंढे को पत्र लिखा है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि शहर में कोरोना के कारण नागरिकों में दहशत है। इसे कम करने के लिए सैनिटाइजेशन तथा मच्छरों से राहत के लिए नियमित फॉगिंग करने के निर्देश दिए हैं। एक सप्ताह पहले भी मनपा प्रशासन को निर्देश दिए गए थे। मनपा प्रशासन की ओर से कोई भी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इसको लेकर महापौर ने नाराजगी जताई है। महापौर ने बताया कि कोरोना की दहशत से नागरिक स्थानीय जनप्रतिनिधियों से बार-बार संपर्क कर रहे हैं। मनपा प्रशासन फॉगिंग और सैनिटाइजेशन के संबंध में जनप्रतिनिधियों को विश्वास में नहीं ले रहा है। जनप्रतिनिधि को िवश्वास में लिए बिना फॉगिंग और सैनिटाइजेशन की औपचारिकता निभाकर केवल दिखावा किया जा रहा है।


निर्णय लेने में की जा रही मनमानी

महापौर ने आरोप लगाया कि उन्हें और स्थायी समिति सभापति को विश्वास में लिए बिना आयुक्त मनमाना निर्णय ले रहे हैं। शहर की हर गली को सैनिटाइज तथा फॉगिंग करना जरूरी है। सभी जनप्रतिनिधि काेरोना की रोकथाम के लिए प्रशासन के साथ काम करने के लिए तैयार हैं।

मनपा के अधिकृत कर्मचारी ही कर सकेंगे विषाणुनाशक का छिड़काव

विषाणुनाशक का छिड़काव अग्निशमन वाहन और हैंड स्प्रे से सार्वजनिक जगह किया जा रहा है। इस कार्य के लिए केवल मनपा कर्मचारियों को अधिकृत किया गया है। मनपा आयुक्त तुकाराम मुंढे ने कहा कि कोई अन्य कोई भी नागरिक या स्वयंसेवी संस्था या संगठन इस तरह छिड़काव न करें। विषाणुनाशक दवा का छिड़काव करने के सरकार के दिशा-निर्देश है। उसी के अनुसार छिड़काव करना जरूरी है। मनपा की प्रशिक्षित टीम इस कार्य को अंजाम दे रही है। छिड़काव के लिए सोडियम हायपोक्लोराइड का इस्तेमाल किया जा रहा है। शहर में कुछ स्वयंसेवी संस्था के स्वयंसेवक तथा नागरिक छिड़काव कर रहे हैं। डर के मारे या सुरक्षा की दृष्टि से उठाया जा रहा यह कदम अन्य नागरिकों के स्वास्थ्य के खतरनाक साबित हो सकता है। मनपा कर्मचारी के अतिरिक्त कोई व्यक्ति शासन के िदशा-निर्देशों का उल्लंघन कर छिड़काव करता मिलने पर उसके खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी आयुक्त ने दी है।
 

Tags:    

Similar News