पौधारोपण का लक्ष्य पूरा नहीं करने पर लगाने होंगे एक्स्ट्रा 5 करोड़ पौधे

पौधारोपण का लक्ष्य पूरा नहीं करने पर लगाने होंगे एक्स्ट्रा 5 करोड़ पौधे

Tejinder Singh
Update: 2019-01-16 12:42 GMT
पौधारोपण का लक्ष्य पूरा नहीं करने पर लगाने होंगे एक्स्ट्रा 5 करोड़ पौधे

डिजिटल डेस्क, नागपुर। ग्रीन महाराष्ट्र मिशन के तहत 2019 तक राज्य में 33 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य पूरा होते नहीं दिख रहा है। हाल ही में सामाजिक वनीकरण विभाग (एसडीएफ)और फॉरेस्ट डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ऑफ महाराष्ट्र (एफडीसीएम) अपने हिस्से के लक्ष्य को पूरा करने में असमर्थता जता दी है। अब वन विभाग पर 4.96 करोड़ का अतिरिक्त लक्ष्य पूरा करने का भार आ गया है। वर्ष 2016 अक्टूबर में ग्रीन महाराष्ट्र मिशन के तहत राज्य में 2019 तक 33 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया था। इसके तहत एसडीएफ को 7.29 करोड़, वन विभाग को 7.29 करोड़ और एफडीसीएम को 4.17 करोड़ पौधे लगाने थे। इस तरह तीनों विभागों को कुल 18.75 करोड़ पौधे लगाने थे, जबकि 6.25 करोड़ पौधे  दूसरी एजेंसियों और 8 करोड़ ग्राम पंचायतों को लगाने थे।   

अब जब एसडीएफ और एफडीसीएम 2019 के पौधारोपण सेशन में अपने-अपने हिस्से के लक्ष्य को पूरा करने में असमर्थता जता रहे हैं। ऐसे में राज्य सरकार ने कुल लक्ष्य को संशोधित किए बगैर विभागों को दिए गए लक्ष्य काे संशाेधित कर दिया है। संशोधित लक्ष्य के अनुसार, एफडीसीएम को अब एक करोड़ और एसडीएफ को 5.50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया। दोनों के लक्ष्यों में कटौती के कारण शेष बचे 4.96 करोड़ पौधे  लगाने का भार अब वन विभाग पर आ गया है। वनकर्मियों के अनुसार पहले ही वन विभाग के पास  7.29 करोड़ पौधे लगाने का बड़ा लक्ष्य था, अब अतिरिक्त लक्ष्य की पूर्ति के लिए काफी संख्या में मैन पावर, संसाधन और पौधों की जरूरत होगी। 

पौधे तैयार करने के लिए समय नहीं बचा
दो साल पूर्व दिए गए लक्ष्य से विभागों से पीछे हटने पर सवाल उठाते हुए वन विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि संशोधन दिसंबर में किया गया है। अब जुलाई तक इतनी बढ़ी मात्रा में पौधारोपण करने लायक पौधे तैयार करना लगभग असंभव होगा। पौधारोपण के लिए कम से कम एक वर्ष पूर्व अंकुरित बीजों के पौधों की जरूरत होती है। 

संसाधनों का अपव्यय
वन विभाग से सेवानिवृत्त अधिकारी के अनुसार, इस तरह पौधारोपण कार्यक्रम बगैर योजना के बनाए जाने के कारण ही लक्ष्य की पूर्ति नहीं हो पाती है और राज्य के संसाधनों का अपव्यय होता है।

पौधारोपण की खानापूर्ति ही होगी : कुंदन हाते
वाइल्डलाइफ एक्टीविस्ट कुंदन हाते का कहना है कि पहले की तरह इस बार भी पौधारोपण की खानापूर्ति ही होगी। वन विभाग के लिए इस स्तर पर पौधारोपण की व्यवस्था करना कठिन होगा। भले ही विभाग 80 फीसदी सर्वाइवल रेट का दावा करता है, लेकिन यह 50 फीसदी के आसपास ही है। उन्होंने कहा कि पौधों को लगाने के लिए सही जगह का चुनाव भी जरूरी है। 
संशोधन के बाद विभिन्न विभागों का लक्ष्य

विभाग                 लक्ष्य                संशोधित लक्ष्य

वन विभाग           7.29                 12.2

एसडीएफ             7.29                   5.50 

एफडीसीएम         4.17                       1

अन्य एजेंसियां     6.25                  6.25

ग्राम पंचायत         8                          8
 

Similar News