23 फरवरी को पगड़ी संभाल दिवस मनाएंगे किसान, बोले - छत्रपति शिवाजी महाराज हमारे प्रेरणास्त्रोत

23 फरवरी को पगड़ी संभाल दिवस मनाएंगे किसान, बोले - छत्रपति शिवाजी महाराज हमारे प्रेरणास्त्रोत

Tejinder Singh
Update: 2021-02-19 16:56 GMT
23 फरवरी को पगड़ी संभाल दिवस मनाएंगे किसान, बोले - छत्रपति शिवाजी महाराज हमारे प्रेरणास्त्रोत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलन कर रहे किसान आने वाली 23 फरवरी को ‘पगड़ी संभाल दिवस’ मनाएंगे। संयुक्त किसान मोर्चा के डॉ दर्शन पाल ने बताया कि शहीद भगत सिंह के चाचा एवं ‘पगड़ी संभाल’ आंदोलन के संस्थापक चाचा अजीत सिंह की याद में किसानों के आत्मसम्मान में इस दिन को मनाया जाएगा। दर्शन पाल ने बताया कि साप्ताहिक झांग सियाल के संपादक बांके दयाल द्वारा लिखित यह गीत ‘पगड़ी संभाल’ ब्रिटिश राज के 1906 के कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन का अग्रदूत था। उस वक्त जो आंदोलन चाचा अजीत सिंह ने चलाया था, उसकी परछाईं इस किसान आंदोलन में भी झलकती है। सभी किसान भाई ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों पर चाचा अजीत सिंह के पोस्टर बैनर लगाकर इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

संयुक्त किसान मोर्चा ने छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा है कि उन्हें एक महान योद्धा और कुशल रणनीतिकार के रूप में जाना जाता है, जिनका शासन व प्रशासन सदैव जनता के हित में रहा। किसान नेताओं ने कहा कि शिवाजी महाराज हमारे लिए अद्भुत शौर्य और हिम्मत का प्रतीक हैं। उन्होने कहा कि चौतरफा शोषण के इस दौर में छत्रपति इस संघर्ष के लिए हमारे प्रेरणास्त्रोत हैं। डॉ दर्शन पाल ने उन्नाव में तीन दलित बहनों में से दो की खेत में हुई रहस्यमय मौत एवं एक की हालत नाजुक होने पर संवेदना व्यक्त करते हुए इस घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होने मध्यप्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल द्वारा किसानों के खिलाफ दिए जा रहे बयानों की कड़ी निंदा की है।

Tags:    

Similar News