पत्थर से टकरा सकता था पूर्व सीएम का प्लेन, बाल-बाल बचे 

पत्थर से टकरा सकता था पूर्व सीएम का प्लेन, बाल-बाल बचे 

Bhaskar Hindi
Update: 2019-04-26 11:31 GMT
पत्थर से टकरा सकता था पूर्व सीएम का प्लेन, बाल-बाल बचे 

डिजिटल डेस्क, रीवा। यहां हवाई पट्टी पर रखा एक बड़ा सा पत्थर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्लेन के दुर्घटनाग्रस्त होने का कारण बन सकता था। पायलट की सूझबूझ से से प्लेन की सकुशल लैंडिंग हो गई। समझा जा रहा है कि चौहान ने यह स्थिति प्लेन से उतरने के पूर्व भांप ली थी। इस संबंध में बताया गया है कि सीधी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सभा में शामिल होने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्लेन से रीवा के चोरहटा हवाई पट्टी पर उतरे। यहां उतरते ही उनकी आंखों में गुस्सा दिखा।

दरअसल हवाई पट्टी पर एक बड़ा पत्थर रखा था। इस पत्थर की वजह से यहां बड़ा हादसा हो सकता था। प्लेन से उतरते ही पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने पत्थर की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह सब क्या है। इस दौरान हवाई पट्टी पर मौजूद पुलिसकर्मी एवं भाजपा नेता भी हैरान रह गए। वास्तव में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जिस प्लेन से यहां आए, उसके पायलट ने सूझबूझ का परिचय दिया। यदि यहां इस पत्थर से प्लेन टकराता तो भयावह स्थिति हो सकती थी। 

चंद मिनट में ही हुए रवाना
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान यहां ज्यादा देर नहीं रुके। प्लेन से उतरते ही यहां मौजूद भाजपा नेताओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए पांच मिनट के अंदर ही हेलीकॉप्टर से सीधी के लिए निकल गए। 

कौन है जवाबदार
पूर्व मुख्यमंत्री की सुरक्षा के प्रति इस तरह की लापरवाही के लिए कौन जवाबदार है। इस बात की काफी देर तक चर्चा होती रही किंतु सुरक्षा के इंतजाम में लगे पुलिस अधिकारी एवं जिला प्रशासन के नुमाइंदे इस प्रश्न के बचते रहे। चर्चा है कि ले देकर किसी छोटे कर्मचारी पर ठीकरा फोड़ने की तैयारी की जा रही है।

सीधी के बाद पहुंचेंगे जबलपुर 
पूर्व मुख्यमंत्री सीधी के बाद प्रधानमंत्री मोदी के साथ जबलपुर के लिए रवाना होंगे। जबलपुर में 4 बजे से प्रधानमंत्री की सभा का आयोजन किया गया है।
 

Tags:    

Similar News