जवारा विसर्जन करने गई महिलाओं सहित 4 डूबे

जवारा विसर्जन करने गई महिलाओं सहित 4 डूबे

Bhaskar Hindi
Update: 2019-09-03 09:36 GMT
जवारा विसर्जन करने गई महिलाओं सहित 4 डूबे

डिजिटल डेस्क, वर्धा। हरितालिका पर्व के समापन पर जवारे विसर्जन के दौरान एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोग डूब गए। इनमें से एक महिला का शव मिल गया है। तीन लोगों की तलाश में पुलिस और राहत दल देर रात तक जुटा रहा। 

जानकारी के अनुसार शहर के पावर हाउस के पीछे स्थित शास्त्री वार्ड की महिलाएं जवारे विसर्जन करने के लिए  वणा नदी पर रेलवे पुल के नीचे स्थित कवडघाट गई हुई थीं। शास्त्री वार्ड निवासी रिया भगत (40), उसका पुत्र अभय (10) तथा पुत्री अंजू (10) और उनकी पड़ोसन दीपाली भटे (30) भी पूजा के लिए कवडघाट पर पहुंची थीं। दोपहर करीब 12.30  बजे के आसपास जब महिलाएं पूजा कर रही थीं, अभय नदी में उतर गया लेकिन पानी का बहाव तेज होने से वह बहने लगा। यह देख उसकी मां रिया उसे बचाने के लिए नदी में कूद गई लेकिन वह भी बहने लगी। अपनी मां और भाई को बहते देख अंजू भी नदी में कूद गई लेकिन पानी उसे भी अपने साथ बहा ले गया। 

यह देख उनकी पड़ोसन दीपाली भटे उन्हें बचाने नदी में कूद पड़ी लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि, उसे भी अपने साथ बहा ले गया। वहां उपस्थित अन्य लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने तुरंत तलाशी मुहिम आरंभ कर दी। वर्धा और नागपुर से एनडीआरएफ की टीम भी बुलवाई गईं। दोपहर को राष्ट्रीय महामार्ग की पुलिया के नीचे से एक महिला का शव बरामद हुआ। अन्य तीन का खबर लिखे जाने तक कोई पता नहीं चल पाया था।

Tags:    

Similar News