हंगामा: उल्टी रख दी ईवीएम, पहले नंबर का उम्मीदवार चला गया अंतिम क्रमांक पर!

उल्टी रख दी ईवीएम, पहले नंबर का उम्मीदवार चला गया अंतिम क्रमांक पर!
  • दहेगांव गोंडी व काचनूर में 15 से 20 मिनट प्रभावित रहा मतदान
  • आपत्ति जताने पर हुआ गलती का अहसास
  • धूप में खड़े मतदाताओं को हुआ बुरा हाल

डिजिटल डेस्क, वर्धा । आर्वी तहसील के दहेगांव गोंडी व काचनूर मतदान केंद्र पर हैरतअंगेज करनेवाला मामला सामने आया। यहां ईवीएम उल्टी रख दिए जाने से पहले नंबर के उम्मीदवार का नाम नीचे चला गया। यह बात महिला के ध्यान में आते ही उन्होंने आपत्ति दर्ज कराई तो कुछ समय तक बवाल मच गया। इसके बाद ईवीएम को सीधा कर लगाया गया और मतदान फिर से शुरू हुआ। काचनूर में भी ऐसा ही मामला सामने आया। दोनों स्थानों पर करीब 15 से 20 मिनट तक मतदान प्रभावित रहने की जानकारी है। इस दौरान दहेगांव गोंडी मतदान केंद्र पर पानी की भी व्यवस्था नहीं होने से भीषण गर्मी में महिलाओं को कतार में खड़ा रहना पड़ा।

सूची में नाम ढूंढने भटकते रहे नागरिक : मतदाता सूची बनाने का काम एक वर्ष से चल रहा था लेकिन ऐन मतदान के समय भी अनेक लोगों के नाम मतदाता सूची में नहीं मिलने से असंख्य मतदाता मतदान से वंचित रह गए। प्रशासन की इस लापरवाही पर नागरिकों ने रोष जताया है। बता दें कि सभी को मतदान करने के लिए प्रेरित करने जिला प्रशासन ने तरह-तरह के उपक्रम चलाकर जनजागरण किया। मीम्स, वीडियो के माध्यम से भी जनजागरण किया। इसके अलावा मतदाता सूची अपडेट करने का काम प्रशासन एक साल से कर रहा था। इसमें कइयों के नाम हटाए गए और अनेक नाम जोड़े भी गए। इस बीच चलाए गए उपक्रमों से मतदाता तो जागरुक हुए लेकिन प्रशासन व चुनाव विभाग की गलती के कारण अनेक मतदाताओं पर भटकने की नौबत आयी।

सूची में नाम नहीं होने से दिनभर मतदाता इधर उधर भटकते रहे और मतदान भी नहीं कर पाए। जिले के आर्वी, हिंगणघाट, वर्धा, आष्टी, पिपरी मेघे, सेलू सहित अनेक सेंटरों पर मतदाता सूची में गडबड़ी पाई गई। मतदाता मतदान के लिए आए लेकिन सूची में नाम ही नहीं मिलने से उन्हें निराश वापस लौटना पड़ा। शहर के नयनतारा संस्था अध्यक्ष बसंत पाडे मतदान करने के लिए केंद्र पर पहुंचे। उनका सूची में नाम नहीं मिला। इससे उन्होंने जिलाधिकारी राहुल कर्डिले से संपर्क कर अपनी समस्या बताई। इस पर जिलाधिकारी ने समस्या हल करने का आश्वासन दिया लेकिन समय समाप्त होते तक उनकी तरफ से कोई उपाययोजना नहीं की गई। यही नहीं उन्होंने जिलाधिकारी को मैसेज भेजकर धारा 49 ए के तहत आधार कार्ड पर चुनौती वोट डालने देने की अपील की, लेकिन कोई प्रतिसाद नहीं मिला।


Created On :   27 April 2024 12:19 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story