6 माह बाद सुधरा हैंडपंप, लंबे समय से परेशान नागरिकों ने सौंपा धन्यवाद ज्ञापन

शहडोल 6 माह बाद सुधरा हैंडपंप, लंबे समय से परेशान नागरिकों ने सौंपा धन्यवाद ज्ञापन

Safal Upadhyay
Update: 2022-05-23 10:08 GMT
6 माह बाद सुधरा हैंडपंप, लंबे समय से परेशान नागरिकों ने सौंपा धन्यवाद ज्ञापन

डिजिटल डेस्क, शहडोल। शहर के वार्ड क्रमांक 35 व 32 के बीच स्थित मार्ग पर रोजगार कार्यालय के सामने का हैंडपंप 6 माह बाद सुधारा गया। रविवार को नगर पालिका के कर्मचारी बड़ी संख्या में इस गली पर पहुंचे। एक हैंडपंप को सुधारने के बाद मलबे में दबे हैंडपंप को सुधारने पहुंचे और मलबा हटाने के लिए जेसीबी बुलवाई गई। दैनिक भास्कर में रविवार को "नगर पालिका अध्यक्ष के घर से दो सौ मीटर की दूरी पर 6 माह से बंद हैंडपंप शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद सुबह से ही नगर पालिका अमला हैंडपंप सुधारने के लिए मुस्तैद रहा। हैंडपंप सुधर जाने के बाद पेयजल के लिए लंबे समय से परेशान नागरिकों ने दैनिक भास्कर को धन्यवाद ज्ञापित किया। स्थानीय रहवासी अब्दुल नफीस, सुनीता बर्मन, रेखा खटिक व राजकुमारी सहित अन्य नागरिकों ने बताया कि पेयजल को लेकर यहां के लोग कई महीने से परेशान रहे हैं। दैनिक भास्कर ने लोगों की समस्या को समझा और प्रमुखता से जिम्मेदारों के सामने लाई। जिसके फौरन बाद हैंडपंप सुधारने का काम तेज हुआ। 

भाजपा पार्षद के पति ने मलबा हटाने से किया मना-

नगर पालिका अध्यक्ष के घर से दो सौ मीटर की दूरी पर स्थित हैंडपंप को मलबा से दबा होने के बाद रविवार को नगर पालिका अमला हटाने पहुंचा तो भाजपा पार्षद के पति ने विरोध किया। नगर पालिका कर्मचारियों ने बताया कि भाजपा पार्षद शोभा रिछारिया के पति गुड्डू रिछारिया ने काम में व्यवधान उत्पन्न किया। मलबा हटाने पहुंचे कर्मचारियों को काम करने से मना किया।

अमित तिवारी सीएमओ (नगर पालिका शहडोल) ने बताया कि वार्ड क्रमांक 35 व 32 के बीच की गली में हैंडपंप सुधारने के लिए टीम सुबह ही रवाना किया गया था। एक हैंडपंप को सुधार लिया गया है। दूसरा हैंडपंप जो मलबे में दबा है, उसे सुधारा जा रहा है। काम में कुछ व्यवधान आया है, जिसे दूर किया जा रहा है। 
  
 

Tags:    

Similar News