शहर में नहीं थम रही रेप की घटनाएं,महिला व बालिका से दुष्कर्म करने वालों पर मामला दर्ज

शहर में नहीं थम रही रेप की घटनाएं,महिला व बालिका से दुष्कर्म करने वालों पर मामला दर्ज

Anita Peddulwar
Update: 2019-10-16 08:26 GMT
शहर में नहीं थम रही रेप की घटनाएं,महिला व बालिका से दुष्कर्म करने वालों पर मामला दर्ज

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  एक बालिका व महिला से दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। आराेपियों के नाम अक्षय बोरकर और  संतोष नागरीकर है। आरोपी अक्षय ने पानी पीने के बहाने उसके घर में घुसा और मौका पाकर उससे जबरन दुष्कर्म किया। आरोपी संतोष नागरीकर ने एक विवाहिता से फेसबुक पर दोस्ती की और उससे शादी करने के नाम पर संबंध बनाए, बाद में  शादी करने से मुकर गया। घटनाएं अलग-अलग स्थानों पर हुईं।

फेसबुक फ्रेंड के झांसे में आई महिला, शादी का वादा कर मुकरा

हुड़केश्वर क्षेत्र में रहने वाली 27 वर्षीय महिला को फेसबुक फ्रेंड्स ने शादी का झांसा देकर उससे संबंध बनाए और बाद में शादी करने से इंकार कर दिया। पीड़ित महिला ने फेसबुक फ्रेंड्स संतोष गणेश नागरीकर, घाटंजी, जिला यवतमाल निवासी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। हुड़केश्वर पुलिस ने आरोपी संतोष के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि, आरोपी ने उससे फेसबुक पर दोस्ती की। उसके बाद उससे चैटिंग करने लगा। पीड़ित महिला चार माह की गर्भवती है। फेसबुक फ्रेंडस संतोष नागरीकर ने उससे शादी करने से इंकार कर दिया। पीड़िता अपने पति से करीब 4 वर्ष से अलग अकेले रहती है। इसी बात का फायदा उठाकर आरोपी ने उससे दोस्ती की। उसके बाद उसे शादी करने के सपने दिखाकर उससे संबंध बनाने लगा। जब पीड़िता गर्भवती होने की बात उसे पता चली, तब वह उसे छोड़ कर फरार हो गया। हुड़केश्वर थाने के  वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीप भोसले के मार्गदर्शन में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 

बालिका को अकेली पाकर घर में घुसा आरोपी

पुलिस सूत्रों के अनुसार नया कामठी परिसर में रहने वाली 11 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म करने वाले आरोपी अक्षय सुरेश बोरकर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित बालिका ने पुलिस को बताया कि, वह घर में  अकेली थी। आरोपी ने उससे पीने का पानी मांगा। घर के अंदर पानी लाने गई। इसी बीच आरोपी अक्षय उसके पीछे घर में घुस गया। जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। पीड़िता ने यह बात अपनी मां को बताई, तब उसकी मां उसे लेकर थाने पहुंची। नया कामठी पुलिस ने आरोपी अक्षय बोरकर के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। 

शहर से अचानक गायब हुए 3 नाबालिग

शहर के एमआईडीसी, हुड़केश्वर व अजनी थाना अंतर्गत 3 नाबालिग घर से अचानक गायब होने की जानकारी है। इनमें एक 16 वर्षीय बालिका व 2 बालक हैं। संबंधित थाने में शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पहली घटना एमआईडीसी थाना अंतर्गत सामने आई, जिसमें फरियादी कविता रोहित यादव (40), निवासी भीम नगर है। इनका 12 वर्षीय पुत्र खेलते-खेलते अचानक कहीं चला गया। काफी ढूंढ़ने के बाद भी वह नहीं मिला। परिजनों में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। हुड़केश्वर थाना अंतर्गत भी फरियादी गुरुसिंह शंकरसिंह ठाकुर (52), निवासी हुड़केश्वर ने शिकायत दर्ज कराई है कि, उनका 14 वर्षीय पुत्र किसी को कुछ बताए बगैर घर से निकल गया। काफी ढूंढ़ने के बाद भी नहीं मिला। अजनी थाना हद में एक 16 वर्षीय बालिका घर में किसी को कुछ बताए बगैर चली गई। जिसकी शिकायत पुलिस ने दर्ज की है।

Tags:    

Similar News