सोते हुए मां-बेटे पर जानलेवा हमला, मां की मौत, पुत्र गंभीर

सोते हुए मां-बेटे पर जानलेवा हमला, मां की मौत, पुत्र गंभीर

Bhaskar Hindi
Update: 2018-06-18 11:35 GMT
सोते हुए मां-बेटे पर जानलेवा हमला, मां की मौत, पुत्र गंभीर

डिजिटल डेस्क, स्लीमनादबाद/ कटनी। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम कोडिया में महिला लक्ष्मी बाई (45) की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। वहीं उसके पुत्र दिलीप उर्फ रिर्रा यादव(18) को भी हत्यारों ने हमला कर घायल कर दिया। हालत गंभीर होने पर युवक को जबलपुर रेफर किया गया है। घटना सोमवार तड़के तीन से चार बजे के बीच की बताई जा रही है। इस जघन्य घटना की सूचना घायल पुत्र ने ही पड़ोसियों को दी। ग्रामीणों की सूचना पर स्लीमनाबाद थाने से पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं 108 एम्बुलेंस से घायल युवक को जिला अस्पताल कटनी भेजा गया, यहां से उसे जबलपुर रेफर कर दिया।

घटना के समय महिला का पति कंधी यादव ससुराल गया था। सुबह SP अतुल सिंह ने थाने पहुंचकर घटना की जानकारी ली एवं आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के निर्देेश दिए। पुलिस ने हत्या एवं हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार लक्ष्मी बाई और उसका पुत्र रिर्रा घर के बाहर दहलान में सो रहे थे। हत्यारों ने धारदार हथियार से पहले महिला की गर्दन पर वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्यारों ने बिना मौका दिए उसके पुत्र की गर्दन पर भी वार कर दिया। हमला होते ही वह चीख कर घर के बाहर दौड़ा और गुहार लगाकर आसपास के लोगों को जगाया। चीख पुकार सुनकर पड़ोसी भी उठकर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल रिर्रा ने पड़ोसियों को हमला होने की जानकारी दी। पड़ोसियों ने घर के भीतर जाकर देखा तो खून से लथपथ महिला की लाश पड़ी थी। पड़ोसियों ने तत्काल पुलिस एवं 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही स्लीमनाबाद थाने से पुलिस पहुंची और स्थल का मुआयना कर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल स्लीमनाबाद भेजा।

पुलिस को नहीं मिले सुराग
यह अंधा कत्ल पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। महिला की हत्या क्यों और किसने की यह अभी भी रहस्यमय बना हुआ है। SI प्रियंका राजपूत का कहना है कि अभी पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल पाया है। मृतिका के घायल पुत्र के होश में आने का इंतजार किया जा रहा है, क्योंकि घटना का वही एकमात्र चश्मदीद है। SI के अनुसार आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की तह तक जाने का प्रयास किया जा रहा है। इस अंधे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने पुलिस को खासी मशक्कत करना पड़ रही है।

Similar News