धान उपार्जन -किसानों का 53 करोड़ रुपए का भुगतान अटका

धान उपार्जन -किसानों का 53 करोड़ रुपए का भुगतान अटका

Bhaskar Hindi
Update: 2020-03-16 09:56 GMT
धान उपार्जन -किसानों का 53 करोड़ रुपए का भुगतान अटका

डिजिटल डेस्क शहडोल । धान उपार्जन का कार्य पूरा हुए करीब दो माह का समय बीत गया है लेकिन अभी तक तीन हजार से अधिक किसानों को भुगतान नहीं किया गया है। संभाग के 3462 किसानों का 53 करोड़ 24 लाख रुपए का भुगतान बकाया है। किसान बकाया राशि के लिए बैंक और समितियों के चक्कर लगा रहे हैं। जानकारी के अनुसार इस वर्ष संभाग में कुल 36622 किसानों से 194887 टन धान की खरीदी की गई है। इसमें शहडोल जिले के 16337 किसानों से 92631 टन, अनूपपुर जिले में 8563 किसानों से 43317 टन और उमरिया जिले में 11722 किसानों से कुल 58937 टन धान की खरीदी की गई है। धान खरीदी के विरुद्ध किसानों को करीब 353 करोड़ की राशि भुगतान किया जाना था, लेकिन अभी तक 33160 किसानों को करीब 300 करोड़ की राशि का भुगतान किया जा चुका है। करीब साढ़े तीन हजार किसानों का 53 करोड़ से अधिक की राशि बकाया है। किसानों को धान उपार्जन की राशि का भुगतान नहीं होने पर विधानसभा में भी सवाल लगाए गए हैं।
समय पर धान का नहीं हुआ था भंडारण 
किसानों को भुगतान नहीं होने का एक कारण खरीदी गई धान का समय पर भंडारण नहीं होना था। संभाग के तीनों जिलों में खरीदी पूरी होने के बाद करीब एक माह तक काफी मात्रा में धान खरीदी केंद्रों में ही पड़ी थी। इसके चलते किसानों का स्वीकृति पत्रक नहीं बन पा रहा था। बताया जाता है कि अब धान का भंडारण कर लिया गया है। शहडोल जिले में लालपुर हवाई पट्टी पर अस्थायी कैप बनाते हुए धान का भंडारण किया गया है। 
किसानों का स्वीकृति पत्रक ही नहीं बना 
खरीदी गई धान का नागरिक आपूर्ति निगम की ओर से परिवहन कराया जाता है। उपार्जित धान का परिवहन होने के बाद कृषकवार स्वीकृति पत्रक जारी किया जाता है। स्वीकृति पत्रक जारी होने के बाद जेआईटी (जस्ट इन टाइम) पोर्टल के माध्यम से किसानों को ऑनलाइन भुगतान किया जाता है। परिवहन में देरी के कारण कई किसानों का स्वीकृति पत्रक नहीं बना है। 
शहडोल के सबसे ज्यादा किसान
जिन किसानों को अभी तक राशि का भुगतान नहीं किया गया है, उनमें सबसे ज्यादा शहडोल जिले के हैं। जिले में कुल 16337 किसानों ने 92631 टन धान का विक्रय किया है। इसके विरुद्ध करीब 168 करोड़ की राशि बनती है। अभी तक 14864 किसानों को करीब 145 करोड़ की राशि का भुगतान किया गया है। जिले में 1473 किसानों का करीब 22 करोड़ का भुगतान होना शेष है। 
इनका कहना है
 शहडोल में धान का भंडारण हो चुका है। जिन किसानों के स्वीकृति पत्रक बन गए हैं, उनका भुगतान हो गया है। भुगतान ऑनलाइन होता है। जिनके स्वीकृति पत्रक बन रहे हैं, उनका जल्द ही भुगतान हो जाएगा।
कमलेश टांडेकर, जिला आपूति अधिकारी शहडोल 

Tags:    

Similar News