धान घोटाला ने लटकाया गेहूं का पंजीयन

कटनी धान घोटाला ने लटकाया गेहूं का पंजीयन

Ankita Rai
Update: 2022-02-19 11:10 GMT
धान घोटाला ने लटकाया गेहूं का पंजीयन

डिजिटल डेस्क , कटनी जिले में आठ करोड़ के धान घोटाला ने उन किसानों की परेशानियां बढ़ा दीं, जिनका इससे कोई लेना-देना नहीं है। नागरिक आपूर्ति निगम ने मिलर्स एवं खरीदी केन्द्र प्रभारियों, कम्प्यूटर आपरेटर के विरुद्ध पुलिस में एफआईआर दर्ज कराकर अपनी जिम्मेदारी पूरी कर दी।  उबरा समिति में दो करोड़ के धान घोटाले में  में प्रभारी समिति प्रबंधक अनुज सिंह,खरीदी प्रभारी भूपत द्विवेदी और ऑपरेटर नितेश तिवारी पर मामला दर्ज होने से तीनों लोग फरार हैं।   अब जब गेहूं खरीदी के लिए पंजीयन शुरू हुआ तो किसान भटक रहे हैं। वहीं ग्राम पंचायतों में पंजीयन के दावे भी पूरी तरह फेल हैं। आईडी और पासवर्ड नहीं मिलने से ग्राम पंचायतों में भी पंजीयन बंद है, जिससे किसान भटक रहे हैं। ऐसी ही स्थिति बरही तहसील के उबरा खरीदी केन्द्र से जुड़े किसानों की है।
कागजों तक सीमित आदेश
 इस बार गेहंू उत्पादक किसानों का पंजीयन करने  शासन ने हर एक ग्राम पंचायत में सुविधा केंद्र स्थापित करके रजिस्ट्रेशन करवाने के निर्देश दिए हैं। यह निर्देश केवल कागजों तक सीमित हैं।   किसी भी ग्राम पंचायतों में गेहूं का पंजीयन नहीं हो रहा है। इस सम्बंध में जब उबरा ग्राम पंचायत के जीआरस उमा विश्कर्मा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों में गेहूं पंजीयन के आदेश तो हैं लेकिन उसके लिये उनको आईडी/ पासवर्ड नहीं दिया गया है जिससे किसी भी ग्राम पंचायत  में पंजीयन नहीं हो रहे है।
 हर दिन बढ़ रही किसानों में निराशा
 उबरा के सरपंच मौजीलाल कुशवाहा, जनपद सदस्य तीरथ पटेल, रामफल और के. के. मिश्रा ने बताया कि गेहंू का पंजीयन नहीं होने मन में हताशा  है कि कहीं का विक्रय करने से वंचित न हो जाएं। किसानों के अनुसार हर दिन खरीदी केन्द्र का चक्कर लगा रहे हैं लेकिन निराशा ही हाथ लगती है।  5 फरवरी से गेहंू खरीदी के लिए पंजीयन शुरू किया गया है। अब तक 13 दिन बीच चुके हैं लेकिन उबरा केन्द्र से जुड़े किसानों का पंजीयन ही शुरू नहीं हो पाया है। जैसे जैसे दिन बीत रहे हैं किसानों की धडक़नें बढ़ती जा रही हैं। पंजीयन के लिए अब केवल 15 दिन ही शेष हैं उस पर भी पांच दिन छुट्टियों में निकल जाएंगे।

Tags:    

Similar News