भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या, पन्ना से उपचार के लिए लाए थे रीवा

 भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या, पन्ना से उपचार के लिए लाए थे रीवा

Bhaskar Hindi
Update: 2019-07-27 09:36 GMT
 भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या, पन्ना से उपचार के लिए लाए थे रीवा

डिजिटल डेस्क, रीवा। पन्ना के एक भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई । पन्ना से यहां इलाज के लिए रेफर होकर रीवा आए गोली से घायल भाजपा युवा नेता की उपचार के दौरान रीवा के संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय में मौत हो गई। शुक्रवार को हुई इस घटना में गंभीर रूप से घायल भाजपा नेता को उपचार के लिए जिला अस्पताल पन्ना से रीवा रेफर किया गया था। शनिवार को मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन के सुपुर्द किया गया। पन्ना जिले के युवा भाजपा नेता नीलेश द्विवेदी पिता भगवत प्रसाद 36 वर्ष को शुक्रवार की दोपहर उस समय गोली मारी गई थी, जब वह गांव के ही एक युवक के साथ बाजार से घर लौट रहा था। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुरा निवासी नीलेश द्विवेदी ककरेहटी में लगने वाले साप्ताहिक बाजार से खरीदी कर जब बाइक से लौट रहे थे, उस दौरान रास्ते में घात लगाकर बैठे लोगों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि पहले उस पर राड से हमला किया, इसके बाद फायर भी कर दिया। गोली नीलेश के पैर में लगी थी। 

शिवराज से ली थी सदस्यता

मृतक नीलेश की क्षेत्र में काफी प्रतिष्ठा रही है। पूर्व में सपाक्स के जिला अध्यक्ष रहे हैं। बजरंग सेना के प्रदेश प्रवक्ता के रूप में भी वे कार्य कर रहे थे। लोकसभा चुनाव के दौरान प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के हाथों उनकी सदस्यता हुई थी।

सरपंची का विवाद

ऐसा बताया जा रहा है कि यह घटना सरपंची के विवाद से जुड़ी है। इस गांव के सरपंच शंकर चौधरी का पूरा काम नीलेश के माध्यम से ही होता रहा है। इस बात को लेकर कुछ लोगों द्वारा हमेशा विरोध किया गया। मृतक के चाचा ठाकुर प्रसाद ने बताया कि सरपंची के विवाद में ही यह हत्या हुई है। आरोपियों के नाम पुलिस को बता दिए गए हैं। आरोपी कांग्रेस पाटी से जुड़े हुए लोग बताए गए हैं।

दो मासूम बच्चे 

नीलेश की हत्या से परिवार पर विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया गया है कि मृतक के दो मासूम बच्चे हैं। एक बेटा और एक बेटी के सिर से पिता का सहारा छिन गया।
 

Tags:    

Similar News