रवि भवन में निकला जहरीला सांप, सर्पमित्र की नियुक्ति

रवि भवन में निकला जहरीला सांप, सर्पमित्र की नियुक्ति

Anita Peddulwar
Update: 2018-06-15 08:42 GMT
रवि भवन में निकला जहरीला सांप, सर्पमित्र की नियुक्ति

डिजिटल डेस्क,नागपुर। रवि भवन में जहरीला नाग दिखाई देने से दहशत बनी हुई है। 4 जुलाई से मानसून सत्र होने जा रहा है उसके पूर्व जहरीला सांप दिखने से रवि भवन में दो सर्प मित्रों की नियुक्ति करने का निर्णय लिया गया है। सार्वजनिक निर्माण विभाग सर्प मित्रों की नियुक्ति करेगा।

सनद रहे कि, करीब 47 साल बाद नागपुर में विधान मंडल का मानसून सत्र होने जा रहा है। अधिवेशन के लिए सरकार नागपुर में दाखिल होगी। मंत्रियों के रहने की व्यवस्था हमेशा की तरह रवि भवन में रहेगी। इस परिसर में दो दिन पूर्व जहरीला नाग निकलने से कोहराम मच गया था। जिसे देखने लोगों की भीड़ जमा हुई। देखते ही देखते नाग वहां से निकल गया। अधिवेशन से पहले नाग के दर्शन होने से निर्माणकार्य विभाग सतर्क हो गया। रवि भवन में मंत्रियों की सुरक्षा की दृष्टि से दो सर्प मित्रों की नियुक्ति करने का कदम उठाया गया है। अधिवेशन कलावधि में 24 घंटे एक सर्प मित्र तैनात रहेगा। रवि भवन, हैदराबाद हाउस, नाग भवन, आमदार निवास में सांप निकलने पर सर्प मित्र की सहायता ली जाएगी।

सरपंच भवन परिसर में पकड़ा धामन
जिला परिषद के सरपंच भवन परिसर स्थित निर्माणकार्य विभाग में कार्यालय के अंदर सांप कुंडली मारकर बैठा था। कार्यालय में कार्यरत एक कर्मचारी की नजर सांप पर पड़ते ही वह घबरा गया और जोर से चिल्लाकर सभी को सतर्क किया। काफी समय तक कर्मचारी सांप की दहशत में रहे। सर्प मित्रों को फोन कर सूचित किया गया। सर्प मित्र ने पहुंचकर सांप को पकड़ लिया। पकड़ा गया सांप धामन प्रजाति का बताया गया है।

इधर कबूतरों की पेटी में घुसा छह फीट का ब्राउन कोबरा सांप
कलमना परिसर स्थित विजयनगर परिसर में तमाशबीनों की उस वक्त भीड़ लग गई, जब एक ब्राउन कोबरा कबूतरों की पेटी में जा घुसा और चार कबूतरों को मार डाला। कोबरा अंडे व चूजों को खा गया। घटना का पता उस समय चला जब कबूतरबाज सुबह कबूतरों को दाना पानी देने के लिए आंगन में रखी पेटी के पास पहुंचा।

कलमना परिसर के विजय नगर में राजकुमार उसेंडी रहता है। उसे कबूतरबाजी का शौक है। एक वर्ष से उसने अपने घर के आंगन में कबूतर पालना शुरू किया। उनके लिए स्वतंत्र रुप से लकड़ी की पेटी भी बनवाई है। पेटी में  4 कबूतर, 2 चूजे व 2 से 3 अंडे थे। रोज की तरह राजकुमार सुबह कबूतरों को दाना-पानी देने के लिए गया तो पेटी के अंदर का नजारा देख भौंचक्का रह गया। भीतर एक ब्राउन कोबरा लगभग 6 फीट लंबा फन फैलाए बैठा था। उसका पेट फूला हुआ था। पेटी में अंडे व चूजे गायब थे, चार कबूतर मृत अवस्था में पड़े हुए थे। राजकुमार ने तुरंत सर्पमित्र संदीप भुडे को घटना की जानकारी दी। इस बीच राजकुमार के घर के सामने तमाशबीनों की भीड़ लग गई। सर्पमित्र कुछ देर बाद वहां पहुंचा और सांप को पकड़ कर जंगल में ले जाकर छोड़ दिया।

Tags:    

Similar News