‘केजरीवाल पैटर्न’ से सुधरेगी मनपा स्कूलों की गुणवत्ता

‘केजरीवाल पैटर्न’ से सुधरेगी मनपा स्कूलों की गुणवत्ता

Anita Peddulwar
Update: 2019-01-11 06:34 GMT
‘केजरीवाल पैटर्न’ से सुधरेगी मनपा स्कूलों की गुणवत्ता

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मनपा के स्कूलों की स्थिति को ठीक करने व शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए मनपा  ‘केजरीवाल पैटर्न’  अपनाने पर विचार कर रही है। मनपा स्कूलों की गुणवत्ताके पदाधिकारी व अधिकारी दिल्ली के स्कूलों का अभ्यास दौरा करने पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की सरकारी स्कूलों में जबर्दस्त सुधार लाया है। लिहाजा, दिल्ली पैटर्न मनपा की स्कूलों में लाने पर विचार हो रहा है। हालांकि दिल्ली दौरे की अभी तक तारीख तय नहीं हुई है। 

विद्यार्थियों की संख्या लगातार कम हो रही 
याद रहे मनपा के स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या लगातार कम हो रही है। मनपा प्रशासन की लाख कोशिशों के बावजूद विद्यार्थी मनपा स्कूलों का रुख नहीं कर रहे हैं। मनपा की 51 स्कूलें बंद हो चुकी हैं। इसमें मराठी, हिंदी व उर्दू की स्कूलें शामिल हैं। मनपा स्कूलों के गिरते ग्राफ को रोकने व शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए मनपा प्रशासन दिल्ली का अभ्यास दौरा करने की तैयारी में है। इसके लिए जरूरी प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करने का काम शुरू हो गया है। मनपा के शिक्षा विभाग में यह खबर पहुंचने के बाद शिक्षकों में दिल्ली की स्कूलों का अध्ययन करने की दिलचस्पी बढ़ गई है।   

शिक्षा उपक्रम के  तहत जाएंगे दिल्ली
मनपा शिक्षा विभाग के पदाधिकारी, विपक्षी पार्षद, शिक्षणाधिकारी व मुख्याध्यापक शिक्षा उपक्रम के तहत दिल्ली का अभ्यास दौरा कर सकते हैं। अभ्यास दौरे का प्रस्ताव तैयार करने की पहल हुई है। प्रस्ताव तैयार होने के बाद इसे शिक्षा सभापति के समक्ष रखा जाएगा। फिर मनपा आयुक्त से मंजूरी ली जाएगी। इसके बाद दौरे की तारीख व दौरे में शामिल सदस्यों की संख्या का पता चलेगा।

मनपा आयुक्त से चर्चा करूंगा 
मनपा स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने व स्कूलों की स्थिति ठीक करने की कोशिश हो रही है। इसके लिए दिल्ली की सरकारी स्कूलों का भी दौरा करने का विचार है। शिक्षा में सुधार के लिए दिल्ली पैटर्न पर काम करने में कोई समस्या नहीं है। मनपा आयुक्त से मिलकर इस संबंध में चर्चा की जाएगी। उनकी मंजूरी के बाद दौरा तय होगा। दौरे में कौन-कौन शामिल होंगे, यह अभी पता नहीं है। मनपा स्कूलों के बच्चों को अच्छी से अच्छी शिक्षा देना हमारा उद्देश्य है। 
-दिलीप दिवे, शिक्षा सभापति मनपा
 

Similar News