गर्भवती महिला की तबीयत बिगड़ी, गोरखपुर से मुंबई जा रही थी फ्लाइट 

नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग गर्भवती महिला की तबीयत बिगड़ी, गोरखपुर से मुंबई जा रही थी फ्लाइट 

Tejinder Singh
Update: 2021-12-12 09:58 GMT
गर्भवती महिला की तबीयत बिगड़ी, गोरखपुर से मुंबई जा रही थी फ्लाइट 

डिजिटल डेस्क, नागपुर। गर्भवती महिला की तबीयत बिगड़ने से शनिवार को गोरखपुर से मुंबई जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट की नागपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। नागपुर एयरपोर्ट पर उतारने के बाद महिला काे ऑक्सीजन सपोर्ट सिस्टम सहित अन्य उपचार देने के बाद किंग्सवे अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला की हालत स्थिर होने के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। महिला अपने पति के साथ नागपुर स्थित अपने एक रिश्तेदार के यहां चली गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेहा विश्वकर्मा नामक महिला पति के साथ स्पाइसजेट की फ्लाइट क्रमांक एसजी 386 में सवार होकर मुंबई जा रही थी। दोपहर बारह बजे के करीब फ्लाइट में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। पति ने एयर होस्टेस से संपर्क किया। मामले की गंभीरता को समझते हुए पायलट ने फ्लाइट को नजदीक के एयरपोर्ट पर उतारने का निर्णय लिया। नागपुर एयरपोर्ट पर संपर्क करने पर फ्लाइट को उतारने की अनुमति मिल गई। दोपहर 12.30 बजे फ्लाइट की एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की गई। 

4 महीने की गर्भवती है महिला

बताया जा रहा है कि लगभग 30 वर्षीय महिला 4 महीने की गर्भवती है। महिला का पति मुंबई में नौकरी करता है। महिला का उपचार करनेवाले किंग्सवे अस्पताल में भर्ती करने के बाद करीब 5 घंटे तक उपचार किया गया। तबीयत में सुधार आने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। डॉक्टरों ने बताया कि मरीज को सांस लेने में दिक्कत आ रही थी। ब्लडप्रेशर भी काफी बढ़ गया था। समय रहते उपचार मिलने से महिला की हालत जल्दी सुधरी। महिला और उसके पेट में पल रहे 4 महीने के बच्चे की हालत भी स्थिर है। डाक्टरों ने महिला को अभी सफर न करने की हिदायत दी है।

5 घंटे बाद रवाना हुआ विमान

वहीं, दूसरी ओर दोपहर 12.30 बजे इमरजेंसी लैंडिंग के 5 घंटे बाद शाम 5.30 बजे उड़ान को वापस मुंबई के लिए रवाना किया गया।  

Tags:    

Similar News