दो बकाएदारों की संपत्ति नीलाम, 3 की नहीं लगी बोली

दो बकाएदारों की संपत्ति नीलाम, 3 की नहीं लगी बोली

Anita Peddulwar
Update: 2020-01-23 07:59 GMT
दो बकाएदारों की संपत्ति नीलाम, 3 की नहीं लगी बोली

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मनपा का संपत्तिकर भुगतान नहीं करने वाले 5 बकाएदारों की संपत्ति हनुमान नगर जोन में नीलामी में निकाली गई। इसमें से 2 संपत्ति की नीलामी की गई। 3 संपत्ति की किसी ने बोली नहीं लगाई। खरीदार नहीं मिलने से 3 संपत्ति मनपा आयुक्त के नाम नाममात्र शुल्क पर खरीदी की गई।

नोटिस के बाद भी नहीं किया भुगतान
बता दें कि हनुमान नगर जोन अंतर्गत मानेवाड़ा, बाबुलखेड़ा, सोमलवाड़ा और अजनी परिसर में 7 संपत्तिधारकों पर 6 लाख रुपए संपत्ति कर बकाया है। बकाया रकम वसूली के लिए नोटिस जारी करने के बावजूद भी भुगतान नहीं किया गया। लंबा समय बीत जाने के बाद बकाया नहीं अदा करने पर अंत में मनपा के कर निर्धारण विभाग की ओर से बकाएदारों की संपत्ति नीलामी के लिए निकाली गई। जोन कार्यालय में नीलामी प्रक्रिया अपनाई गई। प्रक्रिया शुरू होने से पहले 2 संपत्तिधारकों ने बकाया भुगतान करने पर उनकी संपत्ति नीलामी प्रक्रिया से अलग कर दी गई। शेष 5 संपत्ति की नीलामी प्रक्रिया की गई। इसमें से 2 संपत्ति की खरीदारों ने बोली लगाई।

मनपा आयुक्त के नाम खरीदी गई संपत्ति
वार्ड क्रमांक 15, प्लॉट क्रमांक 35 में घर क्रमांक 3431 की 25 लाख 80 हजार रुपए आधारभूत मूल्य पर बोली लगाई गई। आधारभूत मूल्य से 16 लाख 20 हजार अधिक रकम पर 42 लाख रुपए में मीना प्रजापति और विनोद यादव ने बोली लगाकर संपत्ति खरीदी की। दूसरी संपत्ति वार्ड क्रमांक 15, घर क्रमांक 3469, 31, 54 अ की 60 लाख 29 हजार रुपए आधारभूत मूल्य पर बोली लगाई गई। 68 लाख रुपए बोली लगाकर मीना कुंभलकर, संजय कुंभलकर ने आधारभूत मूल्य से 7 लाख 71 हजार रुपए अधिक कीमत पर संपत्ति खरीदी की। अन्य 3 संपत्ति की किसी ने बोली नहीं लगाने से नाममात्र मूल्य पर मनपा आयुक्त के नाम खरीदी की गई। नीलामी प्रक्रिया जोन सहायक आयुक्त के नेतृत्व में विकास रायबोले, गौरीशंकर राहाटे तथा अन्य कर्मचारियों ने पूरी की।

Tags:    

Similar News