पुलिस लाठी चार्ज में कांग्रेसी नेता घायल, भारत बचाओ जनआंदोलन में बोला सरकार पर हमला

पुलिस लाठी चार्ज में कांग्रेसी नेता घायल, भारत बचाओ जनआंदोलन में बोला सरकार पर हमला

Bhaskar Hindi
Update: 2018-08-21 14:20 GMT
पुलिस लाठी चार्ज में कांग्रेसी नेता घायल, भारत बचाओ जनआंदोलन में बोला सरकार पर हमला

डिजिटल डेस्क, बालाघाट। आज 21 अगस्त को कांग्रेस द्वारा आयोजित भारत बचाओ जनआंदोलन में स्थल आम्बेडकर चौक से नेताओं की अगुवाई में युवा कांग्रेसी कलेक्टर घेराव करने पैदल मार्च करते हुए निकले। जिन्हें पुलिस ने बैरिकेट और पानी की बौछार के माध्यम से विश्वेश्वरैया चौक पर रोकने का प्रयास किया। किन्तु बेरिकेट फांदकर कांग्रेसी आगे बढ़ने लगे तो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। अपने नेताओं को गिरफ्तार होता देख जब युवा कांग्रेसी आगे बढ़े तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए पहले अश्रु गैस के गोले छोड़े, जिसके बाद पुलिस ने आंदोलनकारी युवाओं को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया।

पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज में युकां प्रदेश सचिव प्रशांत हुमनेकर, लिंकन अग्रवाल और राहगीर अजहर खान घायल हो गए। इस प्रदर्शन में दो पुलिसकर्मी प्रधान आरक्षक गौरीशंकर देशमुख और आरक्षक गुलाबसिंह घायल हो गए। वहीं कलेक्टर का घेराव करने जा रहे अनेक कांग्रेसियो को पुलिस ने गिरफ्तार कर पुलिस लाईन में निरूद्ध किया, जहां उन्हें स्वयं के मुचलके पर रिहा कर दिया।

घटना की निंदा की
युकां कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशवचंद्र यादव ने घेराव करने जा रहे युवा कांग्रेसियों पर किए गए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कहा कि युकां का भारत बचाओ जनआंदोलन केन्द्र की मोदी सरकार और प्रदेश की भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने तक जारी रहेगा। युकां कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष नितिन भोज ने कहा कि युकां भारत बचाओ जनआंदोलन के माध्यम से सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहा था। जिसको सरकार के इशारे पर रोकने का प्रयास पुलिस द्वारा किया गया। बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज कर प्रदर्शन कर रहे युवा कांग्रेसियों को रोकने का काम किया है, लेकिन अब प्रदेश की युकां कांग्रेस ने जिला मुख्यालय में भारत बचाओ जनआंदोलन के माध्यम से सरकार को घेरने का काम किया।

बालाघाट में पहली बार युकां कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष नितिन भोज के नेतृत्व में भारत बचाओ जनाआंदोलन को लेकर युकां के हल्लाबोल आंदोलन के माध्यम से प्रदेश से भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लेकर सड़क पर सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़क पर प्रदर्शन किया।

 

Similar News